ग्वालियर दिनांक 24.07.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देशानुसार जिले में फरार स्थाई वारंटियों एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में महिला थाना ग्वालियर के अपराध क्रमांक 197/2019 में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी एवं स्थाई वारंटी को ग्वालियर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
महिला थाना ग्वालियर के अपराध क्रमांक 197/2019, धारा 376, 376(2)(डब्ल्यू), 370ए एवं पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के प्रकरण में माननीय विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम एवं एकादश अपर सत्र न्यायाधीश, ग्वालियर द्वारा आरोपी संजू उर्फ राहुल दुबे पुत्र शिवराम दुबे निवासी मुडियन का कुआँ, जिला दतिया के विरुद्ध स्थाई गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। प्रकरण धारा 173 (8) दण्ड प्रक्रिया संहिता के अंतर्गत विवेचनाधीन होने के कारण आरोपी की गिरफ्तारी अत्यंत आवश्यक थी। आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था तथा आरोपी पर ₹10,000 का इनाम भी घोषित किया गया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन एवं डीएसपी महिला शाखा ग्वालियर श्रीमती शिखा सोनी के कुशल मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी की तलाश के लिए मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी संसाधनों को सक्रिय किया। लगातार की जा रही तलाश एवं तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि फरार आरोपी मथुरा क्षेत्र में छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही विशेष पुलिस टीम को तत्काल मथुरा रवाना किया गया। टीम ने स्थानीय स्तर पर विभिन्न स्थानों पर लगातार तलाश एवं निगरानी की। इसी दौरान दिनांक 23 जुलाई 2026 की देर रात्रि पुलिस टीम ने आरोपी को वृंदावन स्थित अटल्ला चौकी के पास घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल उर्फ संजू दुबे पुत्र स्वर्गीय शिवराम दुबे, उम्र 57 वर्ष, निवासी मुडियन का कुआँ, थाना कोतवाली, जिला दतिया होना बताया। गिरफ्तार आरोपी को विधिवत ग्वालियर लाकर महिला थाना ग्वालियर के अपराध क्रमांक 197/2019 में गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।





