🔴 शातिर नकबजनों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा 112 के तहत कार्यवाही की जाएगी

ग्वालियर। 14.12.2025। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा चोरी व नकबजनी की घटनाओं पर अंकुश लगाकर चोरां को पकड़ने हेतु जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देशों के अनुक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र में हुई चोरी व नकबजनी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्ण पाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बहोड़ापुर निरीक्षक आलोक सिंह परिहार के नेतृत्व में गठित टीम को थाना बहोड़ापुर के अप0क्र0 639/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में वांछित अज्ञात चोरों की पतारसी के लिए लगाया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जाकर संदेही चिन्हित किये गये एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

दिनांक 13.12.2025 को थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना पर संदेही मनीष कुशवाह उर्फ दुर्लभ कुशवाह पुत्र मुकेश कुशवाह उम्र 19 साल निवासी इन्दा नगर कालोनी कोटेश्वर व मोनू माहौर पुत्र रामपाल माहौर उम्र 26 साल निवासी इन्दा नगर कालोनी को विनय नगर सेक्टर 4 से रेत के फड़ के पास से पुलिस अभिरक्षा में लेकर उक्त चोरी के संबंध में पूछताछ की तो उनके द्वारा चोरी करना स्वीकार किया। संदेही मनीष कुशवाह, मोनू माहौर ने पूछताछ में बताया कि दिनांक 11/12.12.2025 की दरम्यानी रात में पार्क के पास विनय नगर सेक्टर-4 में एक सूने मकान से एक एलईडी, एक लेपटॉप, तोडियां, पुराने मोबाईल चोरी किये थे जो हमने घर में छुपाकर रख दिये है। पुलिस टीम द्वारा पकड़े गये आरोपी मनीष कुशवाह के घर से दो पुराने मोबाईल नोकिया कंपनी के जप्त किये गये इसके बाद आरोपी मोनू माहौर के घर जाकर एक एलईडी टीवी तथा एक बैग से लेपटॉप तथा एक जोड़ी चाँदी जैसी धातु की तोड़ियां जप्त की गई। थाना बहोड़ापुर पुलिस द्वारा आरोपियों को अप0क्र0 639/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ संगठित अपराध की धारा 112 बीएनएस का भी इजाफा किया जाएगा।

गिरफ्तार किये गये आरोपी सोनू उर्फ बंदर माहौर के खिलाफ पूर्व से थाना बहोड़ापुर में 09 अपराध नकबजनी, आर्म्स एक्ट, मारपीट, आबकारी एक्ट के पंजीबद्ध हैं तथा आरोपी मनीष कुशवाह के खिलाफ थाना बहोड़ापुर में पूर्व से 02 अपराध पंजीबद्ध हैं।

घटना का संक्षिप्त विवरणः फरियादी प्रशांत मोहन पांडे निवासी विनय नगर सेक्टर 4 थाना बहोड़ापुर जिला ग्वालियर ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई थी कि वह दिनांक 11.12.2025 को मय परिवार के शादी में इटावा गया था। दिनांक 12.12.2025 को घर वापस आए तो कुंडी टूटी हुई मिली तथा घर के अंदर से 32 इंच की टीवह, एचपी कंपनी का लेपटॉप, चांदी की पायल, एक सोने की हाय, दो चेकबुक कोई अज्ञात चोर चुराकर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना बहोड़ापुर में अप0क्र0 639/25 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस का मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई थी।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content