🔴 जिले के सभी थानों, पुलिस लाइन एवं कंट्रोल रूम में ध्यान शिविर का आयोजन।
🔴 पुलिस कर्मियों ने सामूहिक ध्यान सत्र में भाग लेकर तनाव मुक्त जीवन का लिया संकल्प।
🔴 मध्यप्रदेश के सभी थानों में रविवार को साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम का शुभारंभ।
ग्वालियर। 21.12.2025। पुलिस महानिदेशक महोदय मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाना(भा.पु.से.) के निर्देशानुसार द्वितीय विश्व ध्यान दिवस 21 दिसंबर के अवसर पर संपूर्ण मध्यप्रदेश पुलिस में एक ऐतिहासिक एवं दूरदर्शी पहल के तहत साप्ताहिक ध्यान कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसी अनुक्रम में ग्वालियर जिले के सभी थानों, पुलिस लाइन ग्वालियर एवं पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए सामूहिक ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। इन ध्यान शिविरों का उद्देश्य पुलिस बल को मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाना, तनाव को कम करना, कार्यक्षमता को बढ़ाना तथा पुलिस कर्मियों के जीवन में सकारात्मकता एवं शांति का समावेश करना है। ध्यान शिविर में हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों की उपस्थिति में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा हार्टफलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम् से ऑनलाइन प्लेटफार्म जूम लिंक से जुड़कर ध्यान का अभ्यास किया गया।
मुख्य कार्यक्रम- पुलिस लाइन ग्वालियर – पुलिस लाइन स्थित नवीन सामुदायिक भवन में आयोजित मुख्य ध्यान सत्र में पुलिस महानिरीक्षक ग्वालियर जोन श्री अरविन्द कुमार सक्सेना (भापुसे), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती बनु बेनीवाल (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक (पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर (रापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर (रापुसे), डीएसपी मुख्यालय श्री रोबिन जैन(रापुसे), रक्षित निरीक्षक ग्वालियर श्री रणजीत सिंह सिकरवार, हार्टफुलनेस ग्वालियर की केंद्र इंचार्ज श्रीमती अर्चना शर्मा तथा लगभग 350 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

*ऑनलाइन माध्यम से जुड़ा पूरा पुलिस बल* – ध्यान सत्र हार्टफुलनेस संस्था के प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पुलिस कर्मी हार्टफुलनेस मुख्यालय कान्हा शांतिवनम् से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ‘जूम’ के माध्यम से जुड़े और प्रातः 09ः30 बजे से 11ः00 बजे तक आयोजित ध्यान सत्र में सहभागी बने। इस दौरान पुलिस कर्मियों को ध्यान के माध्यम से आत्मिक शांति, सकारात्मक सोच, मानसिक सुदृढ़ता एवं आंतरिक ऊर्जा का अनुभव कराया गया। राष्ट्रगान के साथ ध्यान सत्र का समापन किया गया।
*ध्यान के महत्व पर विशेष मार्गदर्शन* – कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व प्रशिक्षकों द्वारा ध्यान एवं योग के महत्व पर विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ध्यान मन एवं मस्तिष्क को शांति प्रदान करता है और तनावपूर्ण परिस्थितियों में संतुलन बनाये रखने में मदद करता है साथ ही उन्होने कि ध्यान मानसिक स्वास्थ्य के साथ शारीरिक स्वास्थ्य को भी सुदृढ़ करता है और सकारात्मक दृष्टिकोण एवं प्रसन्नचित्त जीवन शैली विकसित करता है। इसलिए पुलिस जैसे अत्यधिक जिम्मेदारी एवं दबाव वाले कार्य क्षेत्र में ध्यान अत्यंत आवश्यक एवं लाभकारी है।
*निरंतर अभियान के रूप में जारी रहेगा कार्यक्रम* – पुलिसकर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य संरक्षण एवं तनावमुक्त वातावरण सुनिश्चित करने के लिए यह पहल एक दीर्घकालिक अभियान के रूप में आगे भी जारी रहेगी। विश्व ध्यान दिवस से इसकी औपचारिक शुरुआत की गई है तथा प्रत्येक रविवार यह सत्र नियमित रूप से थानों में आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्री अरविन्द कुमार सक्सेना ने कहा कि “पुलिस बल अत्यंत संवेदनशील परिस्थितियों में निरंतर कार्य करता है, जिसके कारण मानसिक दबाव स्वाभाविक है। ध्यान के माध्यम से तनाव को कम कर सकारात्मकता, संतुलन एवं आत्म अनुशासन विकसित किया जा सकता है। यह अभियान पुलिस बल को मानसिक रूप से मजबूत एवं अधिक सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” उन्होंने कहा कि विश्व ध्यान दिवस से प्रदेशभर में इस अभियान की औपचारिक शुरुआत हो गई है, जो आगे नियमित रूप से जारी रहेगा और पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों को अपने घर पर भी समय निकालकर ध्यान का अभ्यास करना चाहिए।





