- पकड़े गये आरोपियों से दो सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो किय जप्त
ग्वालियर दिनांक 22.01.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी दिनेश शर्मा निवासी शताब्दीपुरम ग्वालियर ने थाना महाराजपुरा में रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 13.01.2026 के सुबह वह अपनी माताजी एवं पड़ौसी आंटी उमा देवी राजावत के साथ ददरौआ धाम मंदिर शताब्दीपुरम में दर्शन करने गया था, दर्शन करने के बाद हम लोग मंदिर के बाहर आये तो देखा कि मेरी माताजी की गले की सोने की चेन बजनी करीब 11 ग्राम एवं पडौसी आंटी के गले में पहनी हुई सोने की चैन बजनी करीब 12 ग्राम की नही थीं। मंदिर में दर्शन के समय हमारे आसपास महिलाओं की काफी भीड़ थी, मुझे शंका है कि उन्ही भीड़ की महिलाओं ने सोने की चेनों की चोरी की की है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना महाराजपुरा में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अप0क्र0 45/26 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
मंदिर से एक साथ दो महिलाओं की सोने की चेन गायब होने की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से) के द्वारा अति पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) को थाना महाराजपुरा पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण के आरोपी की शीघ्र पतारसी कर पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक यशवंत गोयल के द्वारा पुलिस टीम को घटना स्थल व आसपास के क्षेत्र के सीसीटीव्ही फुटेज चेक कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के निर्देश दिये गये।
पुलिस टीम द्वारा सीसीटीव्ही फुटेज चेक के आधार पर संदिग्धों को चिन्हित कर उनकी तलाश की गई। आज दिनांक 22.01.2026 को पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त सोने की चेन चोरी करने वाली महिलाएं अपने साथी ऑटो चालक के साथ मऊ डीडी नगर रोड़ पर देखी गई हैं। सूचना पर पुलिस टीम मुखबिर के बताये स्थान पर पहुंची तो वहां दो महिलाएं व एक ऑटों में बैठी दिखी, जिन्हे रोककर पूछताछ की तो उन्होने अपने नाम गुंजा उर्फ़ भिंडी पति प्रकाश राव निवासी जलालपुर, रंजीत उर्फ विक्टोरिया पति देबु राय निवासी जलालपुर एवं ऑटो चालक हरिकिशन लोधी पिता नारायण लोधी निवासी जलालपुर बताये। उक्त चोरी की घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास किया लेकिन ऑटो चालक से गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उक्त दोनों महिलाओं द्वारा ही दिनांक 13.01.2026 को ददरौआ धाम मंदिर शताब्दीपुरम में दो महिलाओं के गले से सोने की चेन दर्शन करने के दौरान गले से निकाल ली थी और वह दोनों महिलाओं को अपने ऑटो में बारदात करने के लिये लेकर जाता है। उसके बाद पकड़ी गई महिलाओं द्वारा भी चेन चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस द्वारा पकड़ी गई महिलाओं की निशादेही पर चोरी की गई दोनों सोने की चेन को बरामद कर लिया गया है। पुलिस द्वारा दोनों महिलाओं व ऑटो चालक को अभिरक्षा में लेकर उनके कब्जे से सोने की दो चेन व घटना में प्रयुक्त ऑटो को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये आरोपियों से अन्य घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त मशरूका :- दो सोने की चेन तथा घटना में प्रयुक्त ऑटो कीमती लगभग 03 लाख रूपये।





