ग्वालियर दिनांक 06.02.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी प्रशांत शिवहरे निवासी चार शहर का नाका थाना हजीरा जिला ग्वालियर ने अपोलो अस्पताल में उपचार के दौरान रिपोर्ट लेख कराई कि वह पिन्टो पार्क सब्जी मंडी वाली कंपोजिट शराब दुकान पर सेल्समैन का काम करता है। दिनांक 05.02.26 को वह शराब की दुकान पर काम कर रहा था तभी रात्रि करीबन 11.00 बजे मेरी शराब दुकान के सामने ट्रांसफार्मर के पास चार अज्ञात व्यक्ति आये और मुझे गंदी-गंदी गालियां देने लगे और उसमें से एक व्यक्ति ने पिस्टल निकालकर मेरे ऊपर जान से मारने की नियत से 03-04 राउण्ड फायर कर दिये जो एक गोली मेरे दाहिने कंधे में लग गई और बाकी गोलियां मेरे अगल-बगल से होकर निकल गई। मैं दर्द होने से चिल्लाया तो वह चारों अज्ञात व्यक्ति मेरी तरफ पत्थर फेंकते हुए वहां से भाग गये। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गोला का मंदिर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0 42/26 धारा 296(बी),109(1),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी गोला का मंदिर को पुलिस की टीम बनाकर आरोपियों की धरपकड़ हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव द्वारा पुलिस की टीम तथा साइबर सेल को आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना थाना गोला का मंदिर पुलिस टीम द्वारा तकनीकी सहायता एवं मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 06.02.2026 को उक्त प्रकरण में वांछित एक आरोपी लवकुश पाठक पुत्र किशोरी पाठक उम्र 23 साल निवासी गायत्री विहार कॉलोनी, गोला का मंदिर जिला ग्वालियर को धरदबोचा। पूछताछ में उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया है। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा आरोपी को उक्त प्रकरण में गिरफ्तार कर उससे प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है तथा फरार अन्य आरोपियों की भी उनके छिपने के ठिकानों पर तलाश की जा रही है।





