ग्वालियर दिनांक 21.02.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :– फरियादिया गीता राणा निवासी काशीपुरा सिंगपुर रोड़ मुरार ने थाना गोला का मंदिर में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 12.02.2026 को शाम के समय वह ग्वालियर मेला से अपनी भतीजी एवं बहिन के साथ ई-रिक्शा में बैठकर अपने घर काशीपुरा जा रही थी जैसी ही टमटम भाऊ साहब की पोतनीस ग्राउंड के सामने रोड़ पर पहुंची तभी पीछे से अचानक एक बिना नम्बर प्लेट की मोटर साईकिल जिस पर तीन अज्ञात लडके बैठे हुए आये और अचानक मेरे गले में झपटमारी कर सोने की चेन, एक छोटा पांच तिविजिया सोने का हार एवं एक मंगलसूत्र छीनकर भाग गये। फरियादिया की रिपोर्ट पर से थाना गोला का मंदिर में अप0क्र0- 51/26 धारा 304(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त घटना संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) को थाना गोला का मंदिर की टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों की पतारसी कर उन्हे पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव द्वारा थाना बल की पुलिस टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक किये गये। सीसीटीव्ही फुटेज के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपियों के भागने का रूट मैप तैयार किया तो आरोपीगण मोहनपुर व हुरावली के रहने वाले ज्ञात हुए जिनकी पतारसी हेतु पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गये। दिनांक 20.02.2026 को पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर से उक्त प्रकरण में तीन संदिग्धों को मोहनपुर पुल के पास से मय एक स्प्लेण्डर मोटर साइकिल सहित पकड़ लिया गया। पूछताछ में एक ने अपना नाम अभिषेक यादव पुत्र विनोद यादव निवासी हुरावली मुरार जिला ग्वालियर का रहने वाला बताया तथा अन्य दो लड़के नाबालिग होना पाये गये जो कि मोहनपुर के रहने वाले है। पकड़े गये आरोपी तथा दो बाल अपचारियों से उक्त प्रकरण के संबंध में गहनता से पूछताछ की गई तो उनके द्वारा मिलकर उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लिये गये आरोपी से घटना में प्रयुक्त एक स्प्लेण्डर मोटर साइकिल को जप्त कर उनकी निशादेही पर उक्त घटना में छीने गये माल में से एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट को जप्त किया। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण में एक आरोपी को गिरफ्तार कर दो बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेकर प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त माल :– एक मंगलसूत्र, एक लॉकेट तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को जप्त किया।





