ग्वालियर दिनांक 05.03.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- दिनांक 04.03.2026 को फरियादी राकेश साहू निवासी आदर्श नगर, पिन्टो पार्क थाना गोला का मंदिर जिला ग्वालियर द्वारा थाना पर उपस्थित होकर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 04.03.2026 को शाम करीब 07ः30 बजे वह काम से अपने घर वापस आया। घर पहुंचने पर उसका भतीजा अमित साहू घर आया और उसे बताया कि उसके लड़के विकास साहू को गोली लग गई है तथा उसे छोटू परिहार एवं उसके साथी उपचार हेतु मैक्स हॉस्पिटल लेकर गए हैं, सूचना मिलने पर वह अपने लड़के की जानकारी लेने के लिए शिव कॉलोनी होते हुए मैक्स हॉस्पिटल जा रहा था। रास्ते में पानी की टंकी के पास, शिव कॉलोनी में उसे रवि गुर्जर निवासी शिव कॉलोनी मिला, जिसने बताया कि रात्रि के समय पानी की टंकी के पास उसका मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर ने कहा कि वह उन लोगों पर धारा 307 का झूठा मामला दर्ज करवा देगा तथा रवि गुर्जर और उसके साथियों कल्ली एवं शैलू गुर्जर को झूठे प्रकरण में फंसाने की नीयत से फरियादी राकेश साहू के लड़के विकास साहू पर जान से मारने की नियत से कट्टे से फायर कर दिया। जिससे गोली विकास साहू के सीने के दाहिनी ओर लगी और पीठ से बाहर निकल गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद छोटू परिहार एवं वीनू गुर्जर द्वारा घायल विकास साहू को उपचार के लिए पहले मैक्स हॉस्पिटल तथा बाद में लिंक हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर से आरोपी के विरुद्ध थाना गोला का मंदिर में अपराध क्रमांक 74/26 धारा 109(1) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी गोला का मंदिर को पुलिस की टीम बनाकर आरोपियों की धरपकड़ हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव द्वारा पुलिस की टीम को आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।

दौराने विवेचना थाना गोला का मंदिर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए आज दिनांक 05.03.2026 को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपी मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर को धरदबोचा। पूछताछ में उसके द्वारा घटना करना स्वीकार किया है। आरोपी की निशादेही पर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का देसी कट्टा एवं कारतूस के दो खाली खोका एक्यूराइट फैक्ट्री पिंटो पार्क में अंदर रखे कूलर के पीछे से जप्त किया गया। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा आरोपी को उक्त प्रकरण में गिरफ्तार कर उससे प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी :- मधुसूदन उर्फ पोपट तोमर पुत्र भरत सिंह तोमर निवासी शिव कॉलोनी पिंटो पार्क गोला का मंदिर ग्वालियर

जप्त मशरूका :- घटना में प्रयुक्त एक 315 बोर का देसी कट्टा एवं दो खाली खोके।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content