🔴 बीच रास्ते में खड़ी क्रेटा कार को हॉर्न बजाकर साइड मांगने पर से आरोपियों ने पीछा कर स्कॉर्पियो पर फायरिंग करने की घटना को अंजाम दिया था।
🔴 आरोपियों से घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार क्र0 एमपी07-सीएफ-1002, एक 315 बोर की बंदुक, एक 315 बोर का जिंदा राउंड व एक 315 बोर का चला हुआ राउण्ड किया जप्त।
ग्वालियर। 26.03.2026
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी भीम गौतम निवासी शहर मदन गढी थाना गोंडा जिला अलीगढ़ (उ.प्र.) ने थाना बेहट में रिपोर्ट लेख कराई कि वह दूध खोह मंदिर पर रामकथा कार्यक्रम में सपरिवार आया हूँ। दिनांक 24.03.2026 को रात में वह अपने परिवारजनों के साथ दंदरौआ धाम जिला भिण्ड से दर्शन करके स्कार्पियों गाड़ी से वापस दूध खोह जा रहा था, जैसे ही हम लोग रनगवाँ गाँव के बाहर निकले तो रोड़ पर एक क्रेटा कार रास्ते के बीच में खड़ी हुई थी मैंने दो तीन बार होर्न बजाया तब जाकर क्रेटा चालक ने अपनी गाड़ी को साईड में किया उसके बाद हम आगे निकल गये थोड़ी देर बाद गोली चलने की आवाज आयी तो कार में बैठे परिवारजनों ने कहा कि गाड़ी भगाओं कोई अज्ञात व्यक्ति जान से मारने की नीयत से गाड़ी पर फायरिंग कर रहा है। उसके बाद एक दो गोली गाड़ी के सीसे में लगकर निकल गयी। मैंने गाड़ी को भगाया थोड़ी आगे निकल कर देखा तो मेरी दादी के गर्दन के पास गोली लग गयी थी, गोली हमारे ऊपर क्रेटा कार में सवार व्यक्ति ने ही चलायी है। फरियादी की रिपोर्ट पर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ थाना बेहट में अप0क्र0 07/26 धारा 109(1) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।

उक्त घटना संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) को थाना बेहट पुलिस टीम से उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों की पतारसी कर उन्हे शीध्र गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बेहट उप निरी. महावीर सिंह के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण वांछित आरोपियों की पतारसी कर उन्हे पकड़ने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना पुलिस टीम द्वारा घटना स्थल के आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज चेक कर क्रेटा कार को चिन्हित किया गया तथा उसकी पतारसी हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किये गये।
आज दिनांक 26.03.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में संदेही क्रेटा कार चालक व उसके साथीगण बेहट मण्डी में खड़े हैं। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मंडी में एक सफेद रंग की क्रेटा कार खड़ी दिखी, जिसे पुलिस टीम द्वारा चारों तरफ से घेराबंदी कर कार को चेक किया तो उसमें तीन व्यक्ति बैठे मिले। जिन्होने पूछताछ में अपने नाम पानसिंह उर्फ पप्पू सिंह गुर्जर, राधे गुर्जर, राहुल बघेल बताया। पकड़े गये तीनों संदिग्धों से उक्त घटना के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उनके द्वारा उक्त घटना कारित करना स्वीकार किया। पकड़े गये तीनों आरोपियों में से आरोपी राहुल के पास से 315 बोर की बंदूक मिली, जिसे चेक करने पर उसमें एक 315 बोर का राउंड लगा हुआ मिला। आरोपी से उक्त बंदूक के संबंध में लायसेंस चाहा गया तो उसके द्वारा कोई लायसेंस नही होना बताया एवं उक्त बंदूक से ही घटना कारित करना बताया। पुलिस टीम द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें एक 315 बोर का चला हुआ राउंड मिला। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर की बंदूक, एक जिंदा राउंड, एक चला हुआ राउंड व क्रेटा कार क्र0-एमपी07-सीएफ-1002 को विधिवत जप्त किया जाकर तीनों आरोपियों को थाना बेहट के अपराध सदर में गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण :-
1. पानसिंह उर्फ पप्पू सिंह गुर्जर पुत्र जगदीश सिंह गुर्जर उम्र 42 साल निवासी ग्राम गढरौली थाना बेहट जिला ग्वालियर।
2. राधे गुर्जर पुत्र सियाराम गुर्जर उम्र 24 साल निवासी सदर।
3. राहुल बघेल पुत्र स्व0 भूरा बघेल उम्र 24 साल निवासी ग्राम किरौल थाना गिजौर्रा जिला ग्वालियर
जप्त मशरूकाः- घटना में प्रयुक्त क्रेटा कार क्र0 एमपी07-सीएफ-1002, एक 315 बोर की बंदुक, एक 315 बोर का जिंदा राउंड व एक 315 बोर का चला हुआ राउण्ड किया जप्त।





