ग्वालियर। दिनांक 10.04.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरणः- दिनांक 02.06.2025 को फरियादी हेमू उर्फ हेमंत सिकरवार निवासी लाइन नंबर-2 बिरलानगर हजीरा ग्वालियर द्वारा रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 02.06.2025 को रात्रि को मेरे छोटे भाई भोला उर्फ हेमराज सिकरवार को बंटी उर्फ अजय भदौरिया ने पेट में गोली मारी थी, एवं भाई के दोस्त पवन उर्फ कल्लू नाई और मैरे व मेरे भाइयों के ऊपर शिवा राजावत, रानू राजावत, श्याम सिंह भदौरिया, लाला करिया, पुष्पेन्द्र उर्फ पुस्सू भदौरिया ने जान से मारने की नियत से 10-12 राउण्ड फायर किये थे, जिसमें इलाज के दौरान मेरे भाई भोला उर्फ हेमराज को गोली लगने से मृत्यु हो गई थी। फरियादी की रिपोर्ट थाना हजीरा पर अपराध क्र. 219/2025 धारा 103 (2), 109 बीएनएस, 25/27 आर्म्स एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।

उक्त प्रकरण में वांछित फरार अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा अति० पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) को थाना हजीरा पुलिस की टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित फरार शेष आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।

दौराने विवेचना थाना हजीरा पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में फरार 10 हजार का इनामी आरोपी दिव्यांशु उर्फ दिव्वू भदौरिया, चंदनपुरा होते हुए बिरला नगर पुल तरफ जा रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम को सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही हेतु भेजा गया तो मुखबिर द्वारा बताये हुलिया का एक व्यक्ति चौहान क्रेन गोदाम के पास दिखा जो पुलिस के वाहन को देखकर भागने लगा जिसे घेरकर पकड़ा और नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम दिव्यांशु उर्फ दिव्वू भदौरिया पुत्र सतेन्द्र सिंह भदौरिया उम्र 27 साल निवासी न्यू कालोनी नं.01 शीतला माता मंदिर के पास कांचमील हजीरा ग्वालियर का होना बताया। जिसे उक्त अपराध के बारे में पूछताछ की गई तो जुर्म स्वीकार किया गया। थाना हजीरा पुलिस द्वारा अप0क्र. 219/25 धारा 103(2),109 बीएनएस 25,27 आर्म्स एक्ट इजाफा धारा 61(2),249,253 बीएनएस में उक्त आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर फरार आरोपी तथा घटना में प्रयुक्त हथियार जो बंटी भदौरिया को दिये थे के संबंध में पूछताछ की जा रही है। उक्त आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा 10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। उक्त प्रकरण में एक आरोपी फरार चल रहा है और शेष सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार इनामी आरोपी :- आरोपी दिव्यांशु उर्फ दिव्वू भदौरिया पुत्र सतेन्द्र सिंह भदौरिया उम्र 27 साल निवासी न्यू कालोनी नं.01 शीतला माता मंदिर के पास कांचमील हजीरा जिला ग्वालियर

keyboard_arrow_up
Skip to content