ग्वालियर दिनांक 17.04.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर अति0 पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं डीएसपी यातायात श्री अजीत सिंह चौहान(रापुसे) के मार्गदर्शन में ग्वालियर यातायात पुलिस द्वारा आमजन की सुरक्षा एवं अपराधों की रोकथाम हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के तहत आज दिनांक 17.04.2026 को थाना प्रभारी यातायात कंपू निरीक्षक के.पी. तोमर द्वारा ऑटो, टेम्पो एवं टमटम में बढ़ती चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु केआरजी कॉलेज के सामने ऑटो, टमटम एवं ई-रिक्शा चालकों की एक विशेष पाठशाला आयोजित कर उन्हें जागरूक किया गया। इस दौरान चालकों को बताया गया कि कैसे नकबजनी गिरोह की महिलाएं सवारी बनकर वाहन में बैठती हैं और अन्य यात्रियों के बैग व कीमती सामान चोरी कर लेती हैं, इसलिए ऐसी महिलाओं के प्रति विशेष सतर्कता बरतना आवश्यक है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, साथ ही उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए अपराधों की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करने के लिए प्रेरित किया गया। इसी प्रकार थाना प्रभारी यातायात झॉसीरोड़ निरी0 धनंजय शर्मा द्वारा भी अपने थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर ऑटो रिक्शा चालकों को जागरूक किया गया।

थाना प्रभारी यातायात गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी द्वारा भी गोला का मंदिर चौराहा पर ऑटो, टेंपो एवं ई-रिक्शा चालकों को जागरूक किया गया। इसी क्रम में नाका चंद्रबदनी, बस स्टैंड ग्वालियर एवं डबरा सहित चिन्हित स्थानों पर, जहां से ऑटो, टेंपो एवं ई-रिक्शा संचालित होते हैं, वहॉ चालकों को जागरूक करते हुए महिला नकबजनी गिरोह की कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई साथ ही यातायात पुलिस अधिकारियों द्वारा चालकों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर उन्हें अपने मोबाइल नंबर भी साझा किए गए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा घटना की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंच सके।

थाना प्रभारी कोतवाली, उपनिरीक्षक मोहिनी वर्मा एवं सूबेदार राधा बल्लभ गुर्जर द्वारा महाराज बाड़ा पर एसबीआई बैंक के सामने ऑटो, टमटम एवं ई-रिक्शा चालकों से संपर्क कर उन्हें विशेष रूप से समझाइश दी गई कि कैसे वह वाहन में बैठी संदिग्ध महिलाओं की पहचान करें, जो चोरी/जेबकटी की घटनाओं को अंजाम देती हैं, तथा संदेह होने पर तत्काल नजदीकी चौकी अथवा थाना पुलिस को सूचित करें।

ग्वालियर यातायात पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि यात्रा के दौरान अपने कीमती सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें।

keyboard_arrow_up
Skip to content