🔴 आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा व एक जिंदा राउंड किया जप्त।
🔴 ग्वालियर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन एवं शस्त्रों के दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
ग्वालियर। दिनांक 18.04.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को लायसेंसी शस्त्रों के दुरुपयोग करने वालों एवं सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा जन्मदिन के दौरान केक काटते समय देशी कट्टे से हवाई फायर करने का वीडियो वायरल हुआ, जो ग्वालियर पुलिस के संज्ञान में आने पर तत्काल जांच की गई। जांच में उक्त वीडियो थाना पिछोर क्षेत्रांतर्गत ग्राम चिरूली का होना पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा *अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर* को थाना पिछोर पुलिस की टीम से उक्त युवक की पतारसी कर उसके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत के नेतृत्व में थाना बल की टीम को उक्त युवक की पतारसी कर उसे पकड़ने हेतु लगाया गया। आज दिनांक 18.04.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त विडियो में हवाई फायर करने वाला व्यक्ति ताल की पार बेरिया रोड पर बैठा हुआ है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो पुलिस टीम को एक व्यक्ति ताल की पार पर बैठा मिला। जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जाहिद खान पुत्र निवाजी खान उम्र 20 साल निवासी ग्राम चिरुली थाना पिछोर जिला ग्वालियर का होना बताया।
उक्त व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसकी पैंट की जेब में एक 315 बोर का देशी कट्टा मिला, जिसे खोलकर चेक करने पर उसमें एक जिन्दा राउण्ड लगा मिला। पकड़े गये व्यक्ति से उक्त विडियो के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा दोस्त के जन्मदिन पर देशी कट्टे से हवाई फायर करना स्वीकार किया। उक्त आरोपी का यह कृत्य धारा 25 (1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट का दण्डनीय पाया जाने से आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का देशी कट्टा मय 01 जिंदा रांउड को विधिवत जप्त किया जाकर आरोपी के खिलाफ थाना पिछोर में अप.क्र. 66/26 धारा 25 (1-बी)(ए) आर्म्स एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। ग्वालियर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन एवं शस्त्रों के दुरुपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
जप्त हथियार : – 315 बोर का एक देशी कट्टा व 01 जिंदा कारतूस।





