ग्वालियर। 19.04.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह, भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में अति० पुलिस अधीक्षक (पश्चिम / अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थानों को अवैध हथियार के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी लश्कर श्री मनीष यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जनकगंज निरीक्षक अतुल सिंह सोलंकी के द्वारा थाना जनकगंज पुलिस की टीम को अवैध हथियार के खिलाफ कार्यवाही हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर कार्यवाही हेतु लगाया गया। दिनांक 18.04.2026 को थाना जनकगंज पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि गुप्तेशवर मंदिर के आगे तिघरा रोड़ पर एक व्यक्ति बारदात करने की नियत से देशी कट्टा लिए दिखाई दिया है।

उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया, जिस पर से पुलिस टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही हेतु भेजा गया। मुखबिर के बताये स्थान पर एक व्यक्ति खड़ा दिखा जो जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेरकर पकड़ा और तलाशी ली तो उसकी कमर में दाहिनी तरफ एक देशी कट्टा खुरसा मिला एवं जेब में एक 315 बोर का जिन्दा राउण्ड मिला। उक्त व्यक्ति से उसका नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम निखिल बाल्मीकि पुत्र जीवनलाल उम्र 23 साल निवासी हरिजन बस्ती, गोल पहाड़िया लश्कर ग्वालियर का होना बताया। उक्त आरोपी का उक्त कृत्य धारा 25,27 आर्म्स एक्ट में दण्डनीय होने से एक 315 बोर का देशी कट्टा व एक जिंदा राउण्ड 315 बोर का विधिवत जप्त किया जाकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया और थाना जनकगंज में आरोपी के खिलाफ अप०क0 92/26 धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

जप्त हथियार- एक 315 बोर का देशी कट्टा व एक जिंदा राउण्ड।

keyboard_arrow_up
Skip to content