ग्वालियर दिनांक 25.04.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण :– फरियादी भूपेन्द्र कुशवाह निवासी शिन्दे की छावनी जिला ग्वालियर, जो कि आर.एन.एस. इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी ग्वालियर में केन्द्राध्यक्ष हैं, द्वारा थाना झांसीरोड में एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई। शिकायत में उल्लेख किया गया कि दिनांक 06.04.2026 को राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित डिप्लोमा परीक्षा के अंतर्गत विषय हॉस्पिटल एंड क्लिनिकल फार्मेसी (विषय कोड- 8110) की परीक्षा दोपहर 11ः00 बजे से 02ः00 बजे तक संस्था के परीक्षा केन्द्र पर आयोजित की गई थी। परीक्षा के पूर्व विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक (डिप्लोमा प्रभाग) को एक वीडियो प्रेषित किया गया, जिसमें आरोप लगाया गया कि कुछ परीक्षार्थियों के पास निर्धारित समय से पहले ही प्रश्नपत्र उपलब्ध था। वीडियो में एक व्यक्ति, जो नीले रंग की शर्ट पहने हुए था, परीक्षा केन्द्र के बाहर लगभग 10ः45 बजे (परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व) अपने मोबाइल में प्रश्नपत्र होने का दावा करते हुए उसका क्रय-विक्रय एवं वितरण करने का प्रयास करता हुआ दिखाई दिया, उक्त व्यक्ति की पहचान अंकेश धाकड़ के रूप में की गई। वीडियो के परीक्षण के दौरान 04 परीक्षार्थियों को चिन्हित किया गया, जिनके नाम इस प्रकार हैं- (1) सोहेल मलिक (2) वीरेन्द्र सिंह धाकड़ (3) किशन धाकड़ (4) दीपक धाकड़।
उल्लेखनीय है कि परीक्षा केन्द्र पर प्रश्नपत्र का पैकेट प्रातः 10ः54 बजे विश्वविद्यालय द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक की उपस्थिति में खोला गया, जिसकी फोटो एवं वीडियो टाइम-स्टेम्प के साथ सुरक्षित की गई है। शिकायतकर्ता द्वारा उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर परीक्षा की गोपनीयता भंग करने के प्रयास के संबंध में अंकेश धाकड़ के विरुद्ध कार्यवाही हेतु आवेदन किया गया। जांच उपरांत थाना झांसीरोड में आरोपी अंकेश धाकड़ के विरुद्ध अपराध क्रमांक 119/2026 धारा 318(4) बीएनएस, 3बी/4, 3सी/4 म.प्र. मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम 1937 एवं 43/66 आई.टी. एक्ट के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) ग्वालियर श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) द्वारा थाना झांसीरोड़ एवं काईम ब्रांच की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों की पतारसी कर कार्यवाही हेतु लगाया गया। वरिठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान(रापुसे) एवं डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी झांसीरोड़ निरीक्षक शक्ति सिंह यादव द्वारा थाना झांसीरोड़ पुलिस टीम एवं क्राइम ब्रांच की टीम को उक्त प्रकरण का पर्दाफाश करने हेतु लगाया।
उक्त प्रकरण की विवेचना के दौरान थाना झांसीरोड़ पुलिस घटना स्थल पहुंची, जहां फरियादी भूपेन्द्र कुशवाह द्वारा बताया गया कि आरोपी अंकेश धाकड़ परीक्षा केन्द्र पर परीक्षार्थी के रूप में उपस्थित हुआ था, जो VEE एकेडमी ग्वालियर से डी.फार्मा कर रहा है। पुलिस द्वारा आरोपी की तलाश की जा रही थी, तभी रास्ते में वीडियो में दिख रहे हुलिया से मिलता-जुलता युवक दिखाई दिया, जिसे पकड़कर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अंकेश वर्मा उर्फ अंकेश धाकड़ निवासी जिला शिवपुरी बताया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने परीक्षा से पूर्व ही प्रश्नपत्र मोबाइल पर प्राप्त कर उसे हल किया तथा उसके फोटो दिखाकर अन्य लोगों को बेचने का प्रयास किया। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन जप्त किए गए।
आरोपी अंकेश धाकड़ ने पूछताछ में बताया कि उसे प्रश्नपत्र उसका साथी अर्जुन धाकड़ (डी.फार्मा छात्र) द्वारा व्हाट्सएप के माध्यम से लगभग 1000 रुपये में भेजा जाता था। अर्जुन को यह प्रश्नपत्र जीतेश कुशवाह के माध्यम से प्राप्त होता था, जो इसे शिवनाथ कॉलेज के कम्प्यूटर ऑपरेटर राज सक्सेना से 500 से 700 रुपये में हासिल करता था। पुलिस टीम द्वारा आरोपी अंकेश की निशानदेही पर चिरवाई नाका क्षेत्र से दो अन्य आरोपियों जीतेश कुशवाह एवं अर्जुन धाकड़ को अभिरक्षा में लिया। दोनों आरोपियों ने भी पूछताछ में अपराध स्वीकार किया एवं इनके कब्जे से भी मोबाइल फोन जप्त किए गए।
*उक्त प्रकरण में मुख्य कड़ी माने जा रहे आरोपी राज सक्सेना (कम्प्यूटर ऑपरेटर, शिवनाथ कॉलेज) को भी थाना झांसीरोड़ पुलिस द्वारा अभिरक्षा में लिया जाकर अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।*
पकड़े गये आरोपीगण :-
1. अंकेश वर्मा (धाकड) पुत्र विजय सिह धाकड़ उम्र 23 साल निवासी ग्राम सेवाखेडी पोस्ट बगवसा खुर्द थाना पोहरी जिला शिवपुरी (म.प्र.)
2. जीतेश कुशवाह पुत्र जवान सिंह कुशवाह उम्र 23 साल निवासी ग्राम बिजोरा चोकी मगरोल थाना डिरोलीपाल जिला दतिया (म.प्र.)
3. अर्जुन धाकड़ पुत्र श्री कल्याण धाकड़ उम्र 19 सान निवासी ग्राम बेचाई तहसील विजयपुर थाना घसमानी जिला श्योपुर (म.प्र.)
4. राज सक्सेना पुत्र धर्मेन्द्र सक्सेना उम्र 23 साल निवासी न्यू रेशम मिल हजीरा जिला ग्वालियर।
keyboard_arrow_up
Skip to content