ग्वालियर शहर में थाना झांसी रोड के सामने रविवार की सुबह जयपुर से छतरपुर जा रही स्लीपर बस में टायर फटने के बाद आग लग गई। हादसा झांसी रोड थाने के ठीक सामने हुआ।

बस में आग लगी देखकर थाना प्रभारी झांसीरोड़ निरीक्षक शक्ति सिंह यादव द्वारा मय पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंचकर तुरंत गहरी नींद में सो रहे 15 यात्रियों को बस के कांच तोड़कर बाहर निकाला। बस से 17 यात्री कुछ समय पहले की नाका चंद्रवदनी बस स्टैंड पर उतरे थे और 200 मीटर चलने के बाद ही घटना हो गई।

आग लगती देख थाने में मौजूद पुलिस कर्मी दौड़ लगाकर बाहर आए और बस में मौजूद सवारियों को बाहर निकालना शुरू किया। कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों में घिर गई। अधिकतर यात्री सो रहे थे जिन्हें जगाकर बाहर निकाला गया। पुलिस कर्मियों ने बस के कांच फोड दिए ताकि धुंआ न भरे और यात्री भी आसानी से बाहर निकल सकें। देवदूत बनकर आए पुलिस जवानों ने सभी 15 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड ने मौके पर पहुंचकर एक गाड़ी पानी डालकर आग बुझाई। बस जयपुर में रहने वाले प्रवीण अग्रवाल की है।

पुलिस ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। जयपुर में महालक्ष्मी ट्रेवल्स द्वारा बसों का संचालन किया जाता है। शनिवार शाम बस क्रमांक एनएल 07-बी-0899 को ड्रायवर संजय सिंह जयपुर से छतरपुर के लिए लेकर निकला। रविवार सुबह 5 बजे बस ग्वालियर के झांसी रोड बस डिपो पर आ गई थी। बस में 32 यात्री सवार थे। 17 यात्री झांसी रोड़ बस स्टेंड पर उतर गए थे जिससे बस में मात्र 15 यात्री सहित नौनिहाल (बच्चे ) सवार थे। बस 200 मीटर चलकर झांसी रोड़ थाने के सामने पहुंची तभी तेज धमाके के साथ बस का टायर फटा। कुछ समझ में आता उससे पहले ही बस में आग लग गई।

सुबह का समय था इसलिए अधिकतर यात्री सोए हुए थे। बस में आग लगती देख थाने का स्टाफ दौड़कर बाहर आया और यात्रियों को बस से बाहर निकाला। बस के कांच फोड़कर यात्रियों की जान बचाई गई और फायर बिग्रेड को सूचना दी गई और जब तक गाड़ी नहीं आई तब तक थाने की बोरिंग चालू कराकर आग बुझाने का प्रयास किया। फायर बिग्रेड ने मौके पहुंचकर आग बुझाई। घटना स्थल के पास ही पेट्रोल पम्प और हाई वोल्टेज बिजली की लाइन थी, यदि पुलिस की तत्परता से यात्रीयों को सुरक्षित निकालकर शीघ्र आग नहीं बुझाई जाती तो निश्चित ही बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी,

उक्त कार्यवाही में थाने पर उपस्थित, थाना प्रभारी झांसी रोड शक्ति यादव ,प्रधान आरक्षक शिव सिंग गुर्जर, प्रधान आरक्षक रामवरण लोधी, प्रधान आरक्षक सुशांत चौहान, आरक्षक हरिओम जाट , आरक्षक सलमान, आरक्षक रवि भदौरिया, आरक्षक आकाश छारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही ।

keyboard_arrow_up
Skip to content