ग्वालियर। दिनांक 19.05.2026 –
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी रवि सिंह तोमर निवासी रसूलाबाद हजीरा जिला ग्वालियर ने थाना हजीरा में रिपोर्ट लेख कराई कि उसका करिशमा होटल हजीरा चौहारा पर है। दिनांक 19.05.2026 की रात्रि में खाना पार्सल कराने के लिये दो मोटर साइकिल से सूरज गौड, करन बाथम तथा उसके दो साथी आये उन्होने कहा खाना पैक कर दो। होटल के स्टॉफ के लड़के सागर ने कहा कि रात हो गई होटल बंद कर के जा रहे है इसी बात पर चारों लोग सागर से गंदी गंदी गालियां देने लगे और सागर की मारपीट करने लगे मैं और मेरा भाई अमित बीच बचाव कराने आये तो चारों लोग मुझसे तथा मेरे भाई अमित से झगड़ा करने लगे चारों ने कहा कि खाना पैक नही करोगे तो गोली मार कर जान से खत्म कर देगे। करन बाथम मौके से भाग गया शेष तीनों लोग हमे बातों में उलझाये रहे थोड़ी देर बाद करन बाथम कट्टा लेकर आया तभी सूरज गौड बोला करन गोली चला तथा करन एवं सूरज के दो अज्ञात साथी बोले आज इन्हे गोली मारकर जान से खत्म कर देते हैं तब करन बाथम ने मुझे निशाना बनाकर जान से मारने की नियत से कट्टा से फायर कर दिया मैं नीचे बैठ गया जिससे मैं और मेरा भाई अमित बाल बाल बच गये मेरा भाई जान बचाकर गली मे भागा तो करन बाथम तथा उसके तीनो साथी मेरे भाई अमित के पीछे कट्टा लेकर भाग गये। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना हजीरा में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0-143/26 धारा 115(2),296(बी),109(2),3(5) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) को थाना हजीरा पुलिस की टीम से उक्त प्रकरण में वांछित सभी आरोपियों को शीघ्र पकड़वाने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में वांछित एक आरोपी अबंतिका गार्डन के पास मरघट रोड पर खड़ा है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो अबंतिका गार्डन के पास मरघट रोड पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति मोटरसाइकिल क्र0 एमपी07-एमएन-2342 के ऊपर बैठा दिखा। जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सूरज गौड पुत्र रामसेवक गौड निवासी काली माता मंदिर के पास चार शहर का नाका हजीरा ग्वालियर का होना बताया। पकड़े गये व्यक्ति से उक्त प्रकरण में पूछताछ करने पर उसने करिश्मा होटल वालों के साथ मारपीट करना स्वीकार किया तथा उक्त मोटर सायकिल से ही करिश्मा होटल जाना बताया। जिस पर से पुलिस टीम द्वारा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल को विधिवत जप्त किया जाकर आरोपी को थाना हजीरा के अपराध सदर में गिरफ्तार किया गया। थाना हजीरा पुलिस द्वारा आरोपी से उक्त प्रकरण के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त वाहनः- घटना में प्रयुक्त मोटर सायकिल क्र0 एमपी07-एमएन-2342 को जप्त किया।





