ग्वालियर 28.05.2026। प्रदेश में हाल ही में हुई बस दुर्घटनाओं और सामने आई गंभीर लापरवाहियों को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर आमजन की सुरक्षा, यातायात अनुशासन एवं सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर दिनांक 21.05.2026 से 27.05.2026 तक एक सप्ताह का ‘‘लोक परिवहन बसों का विशेष चेकिंग एवं प्रवर्तन अभियान’’ चलाया गया। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य लोक परिवहन बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना, बिना फिटनेस, बिना परमिट एवं बिना वैध दस्तावेज संचालित बसों पर कठोर कार्यवाही, आपातकालीन द्वार, फायर सेफ्टी, प्राथमिक उपचार किट, ओवरलोडिंग, ओवरस्पीड एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण, बस चालकों में यातायात नियमों के प्रति अनुशासन विकसित करना एवं यात्रियों की सुरक्षा एवं विश्वास में वृद्धि करना रहा।

उक्त निर्देशों के परिपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं डीएसपी यातायात ग्वालियर श्री अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में ग्वालियर जिले में भी यातायात पुलिस द्वारा लोक परिवहन बसों का व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 431 बसों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गई और 2,44,000/- रूपये का समन शुल्क वसूला गया।
*कार्यवाही का विवरण*: उक्त अभियान के दौरान दिनांक 21.05.2026 से 27.05.2026 तक बसों की चेकिंग का विशेष अभियान चलाया गया, इस दौरान जिले में संचालित कुल 1797 लोक परिवहन/यात्री बसों को चेक किया गया। जिसमें से फायर सेफ्टी, इमरजेंसी एग्जिट एवं फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता का उल्लघंन करने पर 428 बसों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की जाकर 2,23,000/- रूपये का समन शुक्ल वसूला गया। बिना परमिट 02 यात्री बसों के विरूद्ध कार्यवाही की जा कर 20,000/- रूपये समन शुल्क वसूला गया तथा एक ओवरलोडिंग बस के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की जाकर 1000/- रूपये समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 431 बसों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही की गई और 2,44,000/- रूपये का समन शुल्क वसूला गया।
यातायात पुलिस ग्वालियर “आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प“





