🔴 आरोपी से एक 315 बोर की अधिया (बंदूक) व एक 315 बोर का जिंदा कारतूस किया जप्त।
ग्वालियर। 17.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 17.06.2026 को थाना महाराजपुरा पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि भदरौली पुराने रेल्वे स्टेशन के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के लाल रंग के कट्टे में अवैध 315 बोर की अधिया लिये कोई वारदात करने के लिये खडा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा थाना महाराजपुरा पुलिस टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी महाराजपुरा श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी महाराजपुरा निरीक्षक यशवंत गोयल के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मुखबिर द्वारा बताये गये हुलिया का एक व्यक्ति हाथ में प्लास्टिक का लाल रंग कट्टा(बोरी) लिये खडा दिखा। जिसने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेरकर पकड़ा और उससे नाम पता पूछा तो उसने अपना नाम अरविन्द परमार पुत्र दर्शन सिंह परमार उम्र 35 साल निवासी सांई लोटन दास कॉलोनी सैंथरी थाना महाराजपुरा ग्वालियर का होना बताया।
पुलिस द्वारा पकड़े गये संदेही के हाथ में लिये हुये प्लास्टिक के कट्टे को चेक किया तो उसमें एक 315 बोर की अधिया (बंदूक) व एक जिंदा 315 बोर का कारतूस रखा हुआ मिला। पकड़े गये आरोपी का यह कृत्य धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दण्डनीय पाया जाने से उसके कब्जे से एक 315 बोर की अधिया (बंदूक) व एक जिंदा 315 बोर का कारतूस को विधिवत जप्त किया जाकर आरोपी के खिलाफ थाना महाराजपुरा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
जप्त हथियार: एक 315 बोर की अधिया (बंदूक) व एक 315 बोर का जिंदा कारतूस।





