ग्वालियर। 26.06.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः फरियादी संतोष (परिवर्तित नाम) निवासी डबरा जिला ग्वालियर ने थाना डबरा सिटी में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 24.06.2026 को मेरी लड़की माया (परिवर्तित नाम) उम्र करीवन 16 साल 08 माह घर से बाजार दूध लेने गई थी जो घर वापस नही आई। मैंने अपनी लडकी की तलाश आसपास सभी रिश्तेदारियो में की लेकिन कोई पता नहीं चला। मेरी लडकी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना डबरा सिटी पर अपराध क्रमांक 331/2026 धारा 137 (2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया ।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा सिटी उप निरी. संजय शर्मा के द्वारा थाना बल की टीम एवं तकनीकी सेल को उक्त अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग बालिका की तलाश आसपास के क्षेत्र पर की गई।
दौराने विवेचना थाना डबरा सिटी पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण की अपहृता जबलपुर में है, सूचना पर पुलिस की टीम को जबलपुर भेजा गया जहां पर पुलिस द्वारा उक्त प्रकरण की अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब किया गया। महिला पुलिस अधिकारी द्वारा अपहृत नाबालिग बालिका के कथन लिये जाकर प्रकरण में अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।





