ग्वालियर। 11.07.2026
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादिया रीना देवी(परिवर्तित नाम) निवासी मेहरा कॉलोनी, थाटीपुर ने थाना थाटीपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका 15 वर्षीय पुत्र राजा (परिवर्तित नाम) दिनांक 30 जून 2026 की सुबह घर से बिना बताए कहीं चला गया है। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। रिपोर्ट के आधार पर थाना थाटीपुर में अपराध क्रमांक 209/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया था कि बालक ऑनलाइन गेम फ्री फायर की लत के कारण घर छोड़कर चला गया है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध/पश्चिम) श्रीमती सुमन गुर्जर को थाना थाटीपुर पुलिस एवं क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम गठित कर बालक की शीघ्र एवं सकुशल दस्तयाबी के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे एवं डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी थाटीपुर निरीक्षक विपेन्द्र सिंह चौहान तथा थाना प्रभारी क्राइम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा के द्वारा पुलिस की संयुक्त टीम एवं तकनीकी सेल को सक्रिय किया गया।

संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाश अभियान चलाया। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर बालक अकेले रेलवे स्टेशन तक जाता दिखाई दिया। आगे की जांच में रेलवे स्टेशन के फुटेज से यह स्पष्ट हुआ कि वह प्लेटफॉर्म क्रमांक-2 से दिल्ली जाने वाली केरल एक्सप्रेस में सवार हुआ था। इसके बाद पुलिस ने जीआरपी एवं आरपीएफ के सहयोग से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर उसकी तलाश शुरू की।

तकनीकी विश्लेषण एवं सतत प्रयासों के आधार पर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि बालक हरियाणा के जिला जींद के अलेवा क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमों को तत्काल हरियाणा रवाना किया गया। दिनांक 11 जुलाई 2026 को उक्त बालक को जिला जींद के अलेवा क्षेत्र स्थित ताज होटल के पास से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।

बालक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने ग्वालियर पुलिस की त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। थाना थाटीपुर पुलिस द्वारा नाबालिग बालक को नियमानुसार बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ग्वालियर पुलिस की अपील – अभिभावक अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों, विशेषकर ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया एवं इंटरनेट उपयोग पर नियमित निगरानी रखें तथा उनसे सतत संवाद बनाए रखें।

keyboard_arrow_up
Skip to content