🔴 ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ, जनजागरूकता अभियान को मिला नया आयाम।
🔴 जिलेभर में ग्वालियर पुलिस ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, एनसीसी कैडेट्स, मजदूरों एवं आमजन को भी किया जागरूक।
🔴 जनभागीदारी से नशामुक्त समाज की ओर बढ़ता ग्वालियर, पुलिस का जागरूकता अभियान जारी।

ग्वालियरः 24.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 24.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर तथा अभियान की नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज दिनांक 24 जुलाई 2026 को अभियान के तहत आज का विशेष फोकस ग्राम रक्षा समिति एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर उन्हें समाज में जन-जागरूकता का सशक्त वाहक बनाना रहा, साथ ही जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी स्कूल/कॉलेजों व सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गये।


ग्राम एवं नगर रक्षा समिति को बनाया नशामुक्ति अभियान का प्रमुख सहयोगी-
“नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान का उद्देश्य केवल लोगों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना ही नहीं, बल्कि समाज के ऐसे जिम्मेदार नागरिकों को इस मुहिम से जोड़ना भी है, जो अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन सकें। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आज जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में ग्राम रक्षा समिति एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों को विशेष रूप से नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने समिति सदस्यों से कहा कि वे अपने गांव, वार्ड एवं मोहल्लों में लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक कर नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर समाज को सुरक्षित एवं नशामुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
थाना बेहट एवं घाटीगांव में समिति सदस्यों ने लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प-
“नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ अभियान के तहत थाना बेहट में निरीक्षक महाबीर सिंह परिहार द्वारा थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, गांव एवं समाज के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। वहीं थाना घाटीगांव में भी ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को नशामुक्ति की शपथ दिलाकर उन्हें सामाजिक जागरूकता अभियान का सक्रिय सहभागी बनाया गया। पुलिस अधिकारियों ने समिति सदस्यों से अपील की कि वे अपने क्षेत्रों में युवाओं को नशे की लत से बचाने, नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। समिति सदस्यों ने भी ग्वालियर पुलिस के इस अभियान में पूर्ण सहयोग देने का विश्वास दिलाया।
एनसीसी कैडेट्स ने भी लिया नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प-
इसी क्रम में थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिंदे की छावनी में अध्ययनरत एनसीसी कैडेट्स के मध्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप निरीक्षक पायल शर्मा ने एनसीसी कैडेट्स एवं विद्यालय के शिक्षकों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस तथा अन्य मादक पदार्थों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, राष्ट्रसेवा एवं नेतृत्व के प्रतीक होते हैं, इसलिए उनकी जिम्मेदारी केवल स्वयं नशे से दूर रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी इस बुराई के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित एनसीसी कैडेट्स एवं शिक्षकों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ दिलाई गई।
झांसी रोड थाना क्षेत्र में मजदूरों एवं आमजन को किया गया जागरूक-
थाना झांसी रोड पुलिस द्वारा नाका चंद्रबदनी चौराहे पर मजदूरों एवं आमजनों के बीच विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर उप निरीक्षक सुरेंद्र राजौरिया एवं पुलिस बल ने उपस्थित लोगों को नशे के कारण होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। कार्यक्रम के दौरान जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित नागरिकों से नशे का त्याग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी चले जागरूकता अभियान-
इसी प्रकार ग्वालियर जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी ’’नशे से दूरी है जरूरी 2.0’’ अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्राम एवं नगर रक्षा समिति के सदस्यों, मजदूरों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई।

keyboard_arrow_up
Skip to content