ग्वालियर दिनांक 25.07.2026।
*घटना का संक्षिप्त विवरण*:- दिनांक 19.07.2026 को फरियादी रचित सिसोदिया निवासी मामा का बाजार द्वारा थाना माधौगंज में सूचना दी गई कि उसके पिता मनोज कुमार को दिनांक 17.07.2026 को रास्ते में चलते समय गिर जाने से सिर में गंभीर चोट आई थी, जिनका उपचार जे.के. मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में चल रहा था। उपचार के दौरान दिनांक 19.07.2026 को उनकी मृत्यु हो गई। सूचना पर थाना माधौगंज में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पीएम रिपोर्ट, अस्पताल के उपचार संबंधी दस्तावेज, मृतक के परिजनों एवं स्वतंत्र साक्षियों के कथनों तथा माननीय न्यायालय के समक्ष धारा 183 बीएनएसएस के तहत दर्ज कथनों से यह तथ्य सामने आया कि दिनांक 17.07.2026 को प्रवीण बाल्मीकि एवं सोनू सेन ने मृतक मनोज कुमार के साथ विवाद कर डण्डे, लात एवं धक्का देकर मारपीट की, जिससे वह कंक्रीट की नाली पर गिर गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। इसी चोट के कारण उपचार के दौरान उनकी मृत्यु होना पाया गया। संपूर्ण जांच के आधार पर आरोपी प्रवीण बाल्मीकि एवं सोनू सेन के विरुद्ध प्रथम दृष्टया हत्या का अपराध सिद्ध पाए जाने पर थाना माधौगंज में अपराध क्रमांक 179/26 धारा 103(1), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा उक्त प्रकरण में वंाछित आरोपियों की शीघ्र धरपकड़ कराने हेतु थाना प्रभारी माधौगंज निर्देश दिये। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(भापुसे) द्वारा माधौगंज पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण के आरोपियों की पतारसी करने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी लश्कर श्रीमती किरण अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माधौगंज उप निरीक्षक दिव्या तिवारी के नेतृत्व में आरोपियों की तलाश हेतु पुलिस की टीम को लगाया गया।
दौराने विवेचना दिनांक 25.07.2026 को थाना माधौगंज पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि प्रकरण का आरोपी विकास उर्फ सोनू सेन चिरवाई नाके से आगे होंडा एजेंसी के सामने कचरा फैक्ट्री रोड पर शहर से बाहर भागने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम विकास उर्फ सोनू सेन पुत्र लक्ष्मण प्रसाद सेन, उम्र 45 वर्ष, निवासी बापू दण्डी की गोठ, गड्डे वाला मोहल्ला, ग्वालियर बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथी प्रवीण वाल्मीकि के साथ मिलकर मृतक मनोज कुमार के साथ शराब पीने के पैसों के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में मारपीट करना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि विवाद के दौरान डण्डे, लात एवं धक्का मारने से मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। थाना माधौगंज पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके फरार साथी प्रवीण वाल्मीकि की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
*गिरफ्तार आरोपी*:- विकास उर्फ सोनू सेन पुत्र लक्ष्मण प्रसाद सेन उम्र 45 साल निवासी बापू दण्डी की गोठ गड्डे वाला मोहल्ला ग्वालियर
*सराहनीय भूमिका*:- थाना प्रभारी माधौगंज उप निरीक्षक दिव्या तिवारी, प्र.आर. राजेश सिकरवार, आर. मुकेश दंडोतिया, आर. रोहित कौरव, आर. गौरव तोमर, आर. जितेन्द्र तुरेले, आर. देवेश कुमार, महिला आर. रेणु जाट, आर. हरेन्द्र कुमार की सराहनीय भूमिका रही।





