🔴 आरोपी, कंटेनर चालक से रंगदारी व फायरिंग की वारदात में था शामिल, पूछताछ में किए कई अहम खुलासे
🔴 पिछले 8 दिनों से पांच थाना क्षेत्रों की संयुक्त पुलिस टीम जंगल में चला रही थी सघन सर्चिंग अभियान।
🔴 आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर इनामी डकैत कल्ली गुर्जर की तलाश में जंगलों में सर्चिंग अभियान तेज।

ग्वालियर। दिनांक 03.08.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) के निर्देशन एवं अति0 पुलिस अधीक्षक(देहात) श्री जयराज कुबेर तथा एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में इनामी डकैतों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने 30 हजार रुपये के इनामी डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर के एक सक्रिय साथी अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस एवं घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की।

कंटेनर चालक से रंगदारी मांगकर की थी ताबड़तोड़ फायरिंग – उल्लेखनीय है कि लगभग आठ दिन पूर्व डकैत कल्ली गुर्जर एवं उसके साथियों ने शिवपुरी हाईवे पर एक कंटेनर चालक को रोककर रंगदारी की मांग की थी। चालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कंटेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर उसके कई टायर क्षतिग्रस्त कर दिए थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार जंगल क्षेत्र में सघन सर्चिंग एवं घेराबंदी कर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इस अभियान में थाना घाटीगांव की पुलिस पार्टियों के साथ थाना मोहना, भंवरपुरा एवं आरोन की संयुक्त टीमों को लगाया गया था।

कैंट रोड़ रेलवे ब्रिज के पास से दबोचा गया आरोपी – दिनांक 02.08.2026 को एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी घाटीगांव निरीक्षक पूरन शर्मा के नेतृत्व में उप निरीक्षक उमाशंकर सिंह तोमर एवं पुलिस बल कैंट रोड क्षेत्र में सर्चिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार लेकर कैंट रोड रेलवे ब्रिज के पास मोटरसाइकिल सहित खड़ा है।

पुलिस टीम के मौके पर पहुंचते ही संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसकी कमर से 315 बोर का देशी कट्टा, जिसकी बैरल में एक जिंदा कारतूस लोड था तथा उसकी जेब से एक अन्य जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी (21 वर्ष), निवासी ग्राम सहराना, थाना सिविल लाइन, जिला मुरैना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कट्टा, दो जिंदा राउंड एवं सफेद-लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल जब्त की। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25/27 के तहत कार्रवाई की गई।

पूछताछ में रंगदारी और फायरिंग की वारदात में शामिल होना कबूला – पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पिछले लगभग छह माह से 30 हजार के इनामी डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर के संपर्क में था और उसके बुलाने पर विभिन्न स्थानों पर जाता था।

आरोपी ने बताया कि 26 जुलाई 2026 को कल्ली गुर्जर ने उसे पगारा रोड पर बुलाया, जहां कल्ली गुर्जर, अजय गुर्जर एवं हरिओम गुर्जर पहले से एक बिना नंबर की बोलेरो में मौजूद थे। चारों ने मिलकर शिवपुरी हाईवे पर सिंगाईगढ़ा के पास गुजरने वाले भारी वाहनों से अवैध वसूली की योजना बनाई। इसी दौरान एक कंटेनर को रोककर चालक से रंगदारी मांगी गई। विरोध करने पर कल्ली गुर्जर ने कंटेनर के टायरों पर फायरिंग कर दी। घटना के बाद आरोपी अजय उर्फ दुर्लभ ने मौके से खाली खोखे उठाकर बोलेरो में रखे और सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। आरोपी ने यह भी बताया कि घटना के बाद कल्ली गुर्जर ने उसे बरामद 315 बोर का देशी कट्टा एवं दो जिंदा कारतूस दिए थे। बाद में कल्ली गुर्जर ने उसे पुनः कैंट रोड रेलवे ब्रिज के पास बुलाया था, जहां वह उसके आने का इंतजार कर रहा था और इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सर्चिंग अभियान जारी – गिरफ्तार आरोपी से पुलिस द्वारा विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उससे प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर 30 हजार के इनामी डकैत कल्ली गुर्जर एवं उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार जंगल क्षेत्रों में सघन सर्चिंग एवं घेराबंदी की कार्रवाई कर रही हैं।

गिरफ्तार आरोपी:- अजय उर्फ दुर्लभ गोस्वामी पुत्र बीरेन्द्र गोस्वामी उम्र 21 साल निवासी ग्राम सहराना थाना सिविल लाईन जिला मुरैना

जप्त मशरूका:- एक 315 बोर कट्टा मय 02 जिन्दा राउण्ड एवं एक सफेद लाल रंग की टीवीएस अपाचे मोटर साइकिल।

keyboard_arrow_up
Skip to content