🔴 पूर्व डकैत कल्ली गुर्जर एवं उसके साथियों द्वारा कंटेनर चालक को रोककर मांगी गई थी रंगदारी और इंकार करने पर कंटेनर पर की गई थी ताबड़तोड़ फायरिंग।
🔴 घाटीगांव पुलिस की सघन सर्चिंग एवं घेराबंदी के दौरान एक आरोपी अजय गुर्जर गिरफ्तार।
ग्वालियर। दिनांक 08.08.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) के निर्देश एवं अति0 पुलिस अधीक्षक(देहात) श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में गंभीर एवं संगठित अपराधों में संलिप्त फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा शिवपुरी हाईवे पर कंटेनर चालक से रंगदारी मांगने एवं फायरिंग करने के प्रकरण में फरार एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।
घटना का संक्षिप्त विवरण- दिनांक 26.07.2026 को पूर्व डकैत कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर निवासी वरवासिन थाना देवगढ़ जिला मुरैना एवं उसके साथियों द्वारा शिवपुरी हाईवे पर एक कंटेनर चालक को रोककर रंगदारी की मांग की गई थी। चालक द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कंटेनर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे कंटेनर के कई टायर क्षतिग्रस्त हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना घाटीगांव में प्रकरण क्रमांक 82/26 पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशों के अनुक्रम में एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा के मार्गर्दशन तथा थाना प्रभारी घाटीगांव निरीक्षक पूरन शर्मा के नेतृत्व में में की जा रही कार्यवाही के दौरान दिनांक 08.08.2026 को थाना घाटीगांव पुलिस टीम को इलाका भ्रमण के समय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में तलाशशुदा आरोपी अजय गुर्जर वसोटा तिराहा के पास काले लोअर एवं काली टी-शर्ट पहने खड़ा है और कहीं जाने की फिराक में है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल वसोटा तिराहा पहुंची, जहां मुखबिर के बताए हुलिए का एक व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम अजय गुर्जर पुत्र लाल सिंह गुर्जर, उम्र 28 वर्ष, निवासी लहर थाना दिमनी जिला मुरैना, हाल रतन विहार कॉलोनी, रेलवे फाटक के पास मुरैना बताया।
उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी ने घटना दिनांक 26.07.2026 को कल्ली उर्फ किलेदार गुर्जर निवासी वरवासिन थाना देवगढ़ जिला मुरैना के साथ उक्त घटना में शामिल होना स्वीकार किया। थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा आरोपी अजय गुर्जर को प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से उसके अन्य फरार साथियों एवं घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
पुलिस की लगातार सर्चिंग से आरोपी गिरफ्त में – घटना के बाद से थाना घाटीगांव पुलिस द्वारा जंगल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार सघन सर्चिंग, घेराबंदी एवं संदिग्ध स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इस अभियान में थाना घाटीगांव की पुलिस पार्टियों के साथ अन्य थानों की पुलिस टीमों को भी लगाया गया था। पुलिस की लगातार सक्रियता एवं सघन कार्रवाई के परिणामस्वरूप उक्त प्रकरण में एक फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। फरार अन्य आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:- अजय गुर्जर पुत्र लाल सिह गुर्जर उम्र 28 साल निवासी लहर थाना दिमनी जिला मुरैना मुरैना हाल रतन विहार कॉलोनी रेल्वे फाटक के पास मुरैना।





