🔴 पुलिस को मित्र एवं रक्षक के रूप में समझने के साथ विद्यार्थियों ने जाना शिकायत दर्ज करने से लेकर विवेचना एवं चालान पेश करने तक की प्रक्रिया।
🔴 कानून, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात नियम एवं नागरिक दायित्वों के संबंध में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी।

ग्वालियर। 10.08.2026। मध्यप्रदेश पुलिस के ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज ग्वालियर जिले के विभिन्न थानों में स्कूली विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम एवं थाना भ्रमण का आयोजन किया गया। ‘‘सृजन संवाद’‘ पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति भय की भावना को दूर कर पुलिस को मित्र एवं रक्षक के रूप में स्थापित करना, बच्चों को कानून एवं उनके अधिकारों की जानकारी देना तथा उनमें सुरक्षा, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक, महिला सुरक्षा शाखा श्रीमती शिखा सोनी एवं महिला थाना प्रभारी उनि0 रश्मि भदौरिया के द्वारा सृजन संवाद कार्यक्रम का आयोजन एबनेजर हाई सेकेंडरी स्कूल में किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, हेल्पलाइन सेवाओं तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं का समाधान किया गया तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं आत्मविश्वास बढ़ाना रहा।

विद्यार्थियों ने नजदीक से समझी पुलिस की कार्यप्रणाली- आज थाना इंदरगंज, झॉसीरोड़, डबरा देहात, तिघरा, घाटीगांव, ठाठीपुर, जनकगंज सहित जिले के विभिन्न थानों में भ्रमण के दौरान थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मालखाना, हवालात, महिला डेस्क, रीडर कक्ष सहित थाना परिसर के विभिन्न महत्वपूर्ण कक्षों का भ्रमण किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को शिकायत प्राप्त करने एवं रिपोर्ट दर्ज करने की प्रक्रिया, विवेचना, अभिलेख संधारण तथा न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में भी सरल भाषा में जानकारी दी।

सुरक्षा एवं कानून संबंधी दी महत्वपूर्ण जानकारी- पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें बाल एवं महिला अधिकारों तथा महिला सुरक्षा के उपाय, साइबर अपराध से बचाव एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया साथ ही उन्हे ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने तथा साइबर अपराध की शिकायत करने के संबंध में जानकारी दी। सवांद के दौरान छात्रों को आत्मरक्षा एवं आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के उपाय बताए एवं उन्हे हेलमेट की अनिवार्यता व यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस और विद्यार्थियों के बीच बढ़ा विश्वास- ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। इस दौरान विद्यार्थियों ने पुलिस अधिकारियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को आश्वस्त किया कि किसी भी प्रकार की समस्या, अपराध या असुरक्षा की स्थिति में वे बिना किसी भय के पुलिस से संपर्क कर सकते हैं।

keyboard_arrow_up
Skip to content