ग्वालियर। दिनांक 12.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा ऑपरेशन ईगल के तहत अवैध हथियार रखने व खरीद फरोख्त करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में आज दिनांक 12.09.2026 को थाना ग्वालियर पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति वारदात कंरने की नीयत से कट्टा लेकर कोटेश्वर कुंडी पर घूम रहा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा थाना ग्वालियर पुलिस को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी ग्वालियर श्री कृष्णपाल सिंह के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी ग्वालियर निरी0 प्रशांत शर्मा के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो कोटेश्वर कुंडी पर मुखबिर के बताये हुलिये का एक व्यक्ति आते दिखा जो पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पकड़े गये संदिग्ध की तलाशी लेने पर उसकी कमर में एक देशी 315 बोर का कट्टा खुरसा हुआ मिला, एवं लोअर की जेब में एक 315 बोर का जिंदा राउण्ड रखा मिला। उक्त संदिग्ध व्यक्ति से नाम व पता पूछने पर उसने अपना नाम क्रिश उर्फ क्रिशु टुन्डेलकर पुत्र राजेश टुन्डेलकर उम्र 18 साल निवासी राजाजी का बाडा काशी नरेश की गली थाना ग्वालियर का होना बताया।
उक्त व्यक्ति का यह कृत्य धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दंडनीय होने से आरोपी के कब्जे से एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ थाना ग्वालियर में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पकड़े गये आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:- क्रिश उर्फ क्रिशु टुन्डेलकर पुत्र राजेश टुन्डेलकर उम्र 18 साल निवासी राजाजी का बाडा काशी नरेश की गली थाना ग्वालियर।
जप्त मशरूका:- एक 315 बोर का कट्टा व एक जिंदा राउण्ड किया जप्त।





