🔴 साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं साइबर अपराधों की उत्कृष्ट विवेचना के लिए विवेचकों को तकनीकी प्रशिक्षण।
🔴 साइबर एक्सपर्ट डॉ. कुलभूषण यादव एडवोकेट ने सीडीआर, टावर लोकेशन, आईपी एड्रेस, यूआरएल, डिजिटल साक्ष्य एवं बैंकिंग डेटा के विश्लेषण की दी जानकारी।
ग्वालियर। दिनांक 12.09.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार ग्वालियर में जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक आयोजित कर लंबित जीरो एफआईआर एवं ई-एफआईआर की थाना-वार समीक्षा की गई। बैठक के उपरांत साइबर अपराधों की उत्कृष्ट विवेचना, ई-जीरो एफआईआर एवं साइबर संबंधी विभिन्न तकनीकी पोर्टल के प्रभावी संचालन के संबंध में विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा (भापुसे), अति. पुलिस अधीक्षक (पूर्व) डॉ. शिवेश सिंह बघेल सहित जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारीगण उपस्थित रहे।

एसएसपी ग्वालियर ने की लंबित ई-एफआईआर की थानावार समीक्षा – बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा सभी थानों में लंबित ई-एफआईआर एवं जीरो ई-एफआईआर की स्थिति की थानावार समीक्षा की गई। उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों में टीम गठित कर वांछित आरोपियों की पतारसी करते हुए उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण किया जाए। एसएसपी ग्वालियर ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों के स्वरूप में लगातार बदलाव हो रहा है और पुलिसिंग में तकनीक का उपयोग अत्यंत आवश्यक हो गया है। विभिन्न तकनीकी पोर्टल एवं डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर विवेचना को गति प्रदान की जा सकती है तथा साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विगत कुछ वर्षों में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हुई है, जो पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती है। ऐसे अपराधों के प्रभावी अनुसंधान एवं आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तकनीकी रूप से दक्ष होना अत्यंत आवश्यक है।
साइबर एक्सपर्ट डॉ. कुलभूषण यादव(एडवोकेट) ने दिया तकनीकी प्रशिक्षण – इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के मार्गदर्शन में साइबर एक्सपर्ट डॉ. कुलभूषण यादव, एडवोकेट उच्च न्यायालय ग्वालियर द्वारा थाना प्रभारियों एवं पुलिस अधिकारियों को साइबर अपराधों की उत्कृष्ट विवेचना के संबंध में विशेष तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप, नवीनतम साइबर ट्रेंड, डिजिटल फॉरेंसिक, ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों, सोशल मीडिया से संबंधित अपराधों तथा तकनीकी अनुसंधान की बारीकियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
साइबर एक्सपर्ट डॉ. कुलभूषण यादव द्वारा अपने व्यावहारिक अनुभव साझा करते हुए बताया कि साइबर अपराध होने पर किस प्रकार तकनीकी माध्यमों से संदिग्धों एवं आरोपियों तक पहुंचा जा सकता है। साथ ही साइबर अपराधों की विवेचना में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न तकनीकी सॉफ्टवेयर एवं उनके कार्य करने के तरीके तथा उनसे प्राप्त होने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।
डॉ. कुलभूषण यादव ने बताया कि साइबर अपराधों में विवेचना का स्तर उच्चकोटि का होना अत्यंत आवश्यक है। तकनीकी एवं डिजिटल साक्ष्यों का वैज्ञानिक ढंग से संकलन और विश्लेषण कर मजबूत विवेचना तैयार करने से आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी साक्ष्य प्रस्तुत किए जा सकते हैं और उन्हें दंडित कराने में सहायता मिलती है।





