ग्वालियर। दिनांक 14.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के तारतम्य में अति0 पुलिस अधीक्षक शहर(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में चोरी गये वाहनों की बरामदगी कर चोरों को पकड़ने हेतु मुखबिर तंत्र विकसित करने के निर्देश दिये गये।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी इंदरगंज श्री रोबिन जैन(रापुसे) के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कम्पू डीएसपी श्री अमर सिंह सिकरवार के द्वारा थाना बल की टीम को अप0क्र0 224/26 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी गई मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्र. एमपी07-जेड.डब्ल्यू-9114 की बरामदगी कर अज्ञात चोरों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना दिनांक 12.09.2026 को थाना कम्पू पुलिस को जरिए मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि कुशवाह मोहल्ला से चोरी गई मोटरसाइकिल को एक व्यक्ति बैचने के उद्देश्य से फायरिंग रेंज रोड़ के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है। उक्त सूचना पर पुलिस टीम को सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम को कब्रिस्तान रोड़ पर एक व्यक्ति बिना नंम्बर की मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेण्डर को लिये सामने से आता दिखा, जिसे रोककर पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम पता गोलू पुत्र भोलू हसन उम्र 24 साल निवासी सॉई कॉलोनी गुडी गुडा का नाका, कम्पू जिला ग्वालियर होना बताया।
संदिग्ध से मोटरसाइकिल के कागजात मांगने पर उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, गहनता से पूछताछ करने पर उसने मोटरसाइकिल भूरी माता मंदिर के पास से चोरी. करना स्वीकार किया। उक्त मोटरसाइकिल अप.क्र. 224/26 धारा 303(2) बीएनएस में चोरी गई मोटरसाइकिल होने से जप्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपी से पुलिस द्वारा क्षेत्र में हुई अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में बारीकी से पूछताछ की जा रही है।
ज्ञात हो कि फरियादी पंकज शर्मा निवासी शंकर कॉलोनी गोल पहाडिया लश्कर ग्वालियर हाल कुशवाह मोहल्ला अवाडपुरा ग्वालियर ने थाना कम्पू पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 10.09.26 के दोपहर करीब 12 बजे उसने अपनी मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्र. एमपी07-जेड.डब्ल्यू-9114 कलर ब्लैक को कुशवाह मोहल्ला अवाड़पुरा स्थित अपने घर के बाहर खड़ा कर दिया था और कुछ समय बाद देखा कि मेरी उक्त मोटरसाईकिल रखे स्थान पर नही दिखी। कोई अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कम्पू में अप0क्र0 224/26 धारा 303(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
गिरफ्तार वाहन चोर:- गोलू पुत्र भोलू हसन उम्र 24 साल निवासी सॉई कॉलोनी गुडी गुडा का नाका, कम्पू जिला ग्वालियर
बरामद वाहन:- मोटरसाइकिल हीरो स्प्लेंडर क्र. एमपी07-जेड.डब्ल्यू-9114 को जप्त किया गया।





