ग्वालियर। दिनांक 15.09.2026 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर वाहन चोरों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 14.09.2026 को थाना भितरवार पुलिस को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति बागबई तरफ से चोरी की स्प्लेण्डर मोटरसायकिल लेकर भितरवार तरफ आ रहा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति0 पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर द्वारा थाना भितरवार पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों केे निर्देशों के परिपालन में एसडीओपी भितरवार श्री गगन हनवत के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भितरवार उनि0 बलवीर मावई के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर भेजा गया। पुलिस टीम ने मुखबिर के बताये स्थान पर जाकर देखा तो बागबई तरफ से मुखबिर के बताये हुये हुलिये का एक व्यक्ति एक काले रंग की एचएफ डीलक्स मोटरसायकिल से आते हुये दिखा जो पास आते ही पुलिस को देखकर गाडी वापस कर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम जशनदीप समरा पुत्र मनबंत सिंह समरा उम्र 21 साल निवासी वार्ड क्र. 10 भितरवार का होना बताया।
पकड़े गये व्यक्ति से मोटरसायकिल के संबंध में पूछताछ की गई तो उक्त एचएफ डीलक्स मोटर सायकिल को टेकनपुर गुरद्वारा से चोरी करना बताया। पुलिस टीम द्वारा उक्त मोटरसायकिल को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये चोर से वाहन अन्य चोरियों के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अलग-अलग जगहों से 05 अन्य मोटरसायकिलें और चोरी करना बताया तथा चोरी की गई मोटरसायकिलों में से 02 मोटरसायकिलें (स्प्लेण्डर व प्लेटिना) को भितरवार में हैलीपेड के आगे झाडियाें में छिपाना तथा अन्य तीन मोटरसायकिलाें (02 स्प्लेण्डर व 01 डीलक्स) को तीन अन्य व्यक्तियों को बेचना बताया। पकड़े गये आरोपी की निशादेही हैलीपेड के पास से 02 मोटरसायकिलें हीरो स्प्लेण्डर मोटरसायकिल व प्लेटिना को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये आरोपी व तीनों खरीददारों के खिलाफ थाना भितरवार में अप0क्र0 372/26 धारा 303(2),317(2),317(5) बीएनएस का पंजीबद्ध कर उक्त आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
थाना भितरवार पुलिस द्वारा मुखबिर सूचना पर से चोरी की मोटर साइकिल खरीदने वालें तीनों व्यक्तियों को बासोडी तिराहे से पकड़ लिया गया। पूछताछ में तीनों खरीददार नाबालिग (विधिविरूद्ध बालक) होना पाये गये। पकड़े गये तीनों विधिविरूद्ध बालकों से चोरी की तीन मोटर सायकिलें (02 स्पलेंडर व 01 एचएफ डीलक्स) को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये तीनों विधिविरूद्ध बालकों को थाना भितरवार के अपराध सदर में अभिरक्षा में लिया गया।
गिरफ्तार वाहन चोर:- जशनदीप समरा पुत्र मनबंत सिंह समरा उम्र 21 साल निवासी वार्ड क्र. 10 भितरवार।
बरामद वाहन:- एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्र0 एमपी07-एनआर-9656, हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी07-एनडी-1097, प्लेटिना मोटरसाइकिल क्र0 एमपी07-एनएन-0160, हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी04-वायएम-9086, हीरो स्प्लेण्डर क्र. एमपी07-जेडटी-4804, एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्र0 एमपी32-जेडए-8831 को जप्त किया गया।





