🔴 पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सोशल मीडिया गाइडलाइन को लेकर पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों की एसएसपी ग्वालियर ने बैठक ली।
🔴 बैठक में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को वर्दी में रील, फोटो अथवा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट ना करने के दिए निर्देश।
ग्वालियर दिनांक 22.09.2026। आज दिनांक 22.09.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम ग्वालियर सभागार में पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए जारी ’’सोशल मीडिया गाइडलाइन’’ के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भापुसे), रक्षित निरीक्षक ग्वालियर श्री रणजीत सिंह सिकरवार तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा पुलिसकर्मियों के लिए जारी ’’सोशल मीडिया गाइडलाइन’’ के अनुक्रम में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सोशल मीडिया के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित उपयोग के संबंध में गाइडलाइन के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी देते हुए आवश्यक समझाइश दी गई। बैठक में पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वर्दी में रील, फोटो अथवा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचें साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली, फील्ड क्राफ्ट, विवेचना तकनीक अथवा संवेदनशील जांच से संबंधित जानकारी भी सार्वजनिक न करें तथा किसी भी प्रकार की गोपनीय अथवा विभागीय संवेदनशील जानकारी को सोशल मीडिया अथवा चैटजीपीटी/अन्य एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड या साझा न करें।
बैठक में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निजी प्रचार अथवा व्यक्तिगत छवि निर्माण के लिए सरकारी वाहन, कार्यालय, आवास एवं अन्य शासकीय संसाधनों का उपयोग नहीं करने, शासन की नीतियों एवं विभागीय कार्यप्रणाली के संबंध में अनधिकृत टिप्पणी से बचने तथा वरिष्ठ अधिकारियों एवं सहकर्मियों के संबंध में पुलिस पद की गरिमा के अनुरूप आचरण करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को समझाइश दी गई कि सोशल मीडिया पर किसी भी सामग्री को पोस्ट अथवा साझा करने से पूर्व उसकी गोपनीयता, सत्यता एवं संभावित प्रभाव का ध्यान रखें तथा पुलिस विभाग की गरिमा एवं अनुशासन को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। सोशल मीडिया पर आधिकारिक जानकारी का प्रसारण केवल अधिकृत माध्यम से ही किया जाए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सोशल मीडिया के जिम्मेदार, सुरक्षित एवं अनुशासित उपयोग के प्रति जागरूक करना तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसी भी प्रकार की गोपनीय, संवेदनशील, अपुष्ट अथवा अनधिकृत जानकारी के प्रसार को रोकना रहा। इस दौरान पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी सोशल मीडिया दिशा-निर्देशों के तहत सोशल मीडिया के उपयोग में सावधानी, अनुशासन, गोपनीयता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर विशेष समझाइश दी गई।





