ग्वालियर दिनांक 28.09.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- आवेदक पुष्पेन्द्र सिंह, अधिकृत प्रतिनिधि आरएसआई स्टोन वर्ल्ड प्रा.लि., द्वारा थाना पिछोर में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 24/25.09.2026 की मध्यरात्रि लगभग 12ः00 बजे टेकनपुर खनिज जांच नाका पर एक बिना नंबर सोनालिका ट्रैक्टर रेत से भरा हुआ आया। चेक पोस्ट पर कंपनी के कर्मचारी अरविन्द गुर्जर द्वारा ट्रैक्टर चालक श्रीनिवास बघेल निवासी ग्राम पतरियापुरा, पिछोर से रॉयल्टी मांगी गई। चालक द्वारा मोबाइल पर रॉयल्टी क्रमांक आर423337879 दिनांक 24.09.2026 प्रस्तुत किया गया। उक्त रॉयल्टी को माइनिंग विभाग के ई-खनिज पोर्टल पर चेक करने पर उसका कोई रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं मिला, जिससे रॉयल्टी के फर्जी होने की पुष्टि हुई। पूछताछ में चालक श्रीनिवास बघेल ने बताया कि उक्त फर्जी उसे कैथोदा नाके के पास विक्रम जाट निवासी कैथोदा एवं उसके दो अज्ञात साथियों द्वारा 5,000 लेकर तैयार कर व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा गया था। प्रकरण में आरोपी विक्रम जाट एवं उसके दो अज्ञात साथियों द्वारा फर्जी रॉयल्टी तैयार कर उसका वास्तविक रूप से उपयोग करते हुए रेत का अवैध परिवहन किया जाना तथा आरएसआई स्टोन वर्ल्ड कंपनी एवं शासन को आर्थिक एवं राजस्व क्षति पहुंचाना पाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना पिछोर में आरोपियों के विरुद्ध अप0क्र0-216/26 धारा 318(4), 336(3),340(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे द्वारा अति. पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) श्री जयराज कुबेर को थाना पिछोर पुलिस की टीम से उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों को शीध्र पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में वांछित आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को दिनांक 27.09.2026 को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण के आरोपीगण विक्रम जाट, नीलेन्द्र भदौरिया व संदीप राजावत रिलायंस टावर के पास बाबूपुर कैथोदा मार्ग पर कहीं भागने की फिराक में खड़े हैं। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो मुखविर के मुताबिक बताये हुलिया के तीन व्यक्ति खड़े दिखे जो पुलिस को आता देखकर भागने का प्रयास करने लगे जिन्हे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उन्होने अपने नाम विक्रम जाट, संदीप राजावत, नीलेन्द्र सिंह भदौरिया बताया। पकड़े गये तीनों व्यक्तियों से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उनके द्वारा अपराध कारित करना स्वीकार किया।
पकड़े गये तीनो आरोपियों की तलाशी लेने पर आरोपी विक्रम जाट से 2000 रुपये एक मोबाईल, आरोपी नीलेन्द्र भदौरिया से 1500 रुपये व एक रियलमी मोबाईल, आरोपी संदीप राजावत से 1500 रुपये व एक मोबाईल ओप्पो कंपनी का जप्त किया गया। आरोपी विक्रम जाट का मोबाईल चेक करने पर उसके द्वारा अपने मोबाईल से ड्राईवर श्रीनिवास को दिनांक 24.09.2026 को भेजा गया व्हाट्सएप मैसेज डिलीट करना पाया गया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को थाना पिछोर के अपराध क्र0 216/2026 धारा 318(4),336(3),340(2) बीएनएस इजाफा धारा 3(5) बीएनएस में विधिवत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपीगण:-
1. विक्रम जाट पुत्र राजेन्द्र सिह जाट निवासी कैथोदा थाना पिछोर जिला ग्वालियर।
2. संदीप राजावत पुत्र धीरेन्द्र निवासी नगला चौहान थाना इकदिल इटावा हाल कैथोदा ग्वालियर।
3. नीलेन्द्र सिंह भदौरिया पुत्र राघवेन्द्र सिंह उम्र 21 साल निवासी लाख थाना इंदगढ जिला कन्नौज हाल रेत नाका ग्राम कैथोदा पिछोर ग्वालियर।
सराहनीय भूमिका:- थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत, आर0 रमाशंकर गुर्जर, महेन्द्र मिश्रा, शुभम प्रजापति, भरत साहू, राकेश रावत, शिवम गुप्ता, भूपेन्द्र गुर्जर, आर0 चालक भानू रावत की सराहनीय भूमिका रही है।





