🔴 आरोपी रानू सिकरवार के कब्जे से .32 बोर पिस्टल और 03 जिंदा राउण्ड किए गए जप्त।
🔴 आरोपियों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

ग्वालियर दिनांक 29.09.2026।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादिया सुमन राजावत निवासी लाईन नं. 02, बिरला नगर, थाना हजीरा, ग्वालियर द्वारा थाना गोला का मंदिर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसका पुत्र छोटू उर्फ दीपक अपने दोस्तों पिल्लू उर्फ विशाल शर्मा एवं हेमू चौहान के साथ मोटरसाइकिल से कांच मील तरफ गया था। दिनांक 22.09.2026 को रात्रि करीब 12ः00 बजे छोटू उर्फ दीपक अपने साथियों के साथ सिरोल रोड से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान लोको गाटर वाली पुलिया के पास दो मोटरसाइकिल एवं एक स्कूटी से आए आरोपियों दिन्नू सिंह सिकरवार, राजवीर चौहान, रानू सिकरवार एवं अन्य साथियों ने छोटू को घेर लिया। रानू सिकरवार ने उसे मोटरसाइकिल से खींचकर नीचे गिरा दिया तथा गोली मार दी। इसके बाद दिन्नू सहित अन्य आरोपियों ने छोटू पर फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई। फरियादिया द्वारा हत्या का कारण पुराना विवाद होना बताया गया है। थाना गोला का मंदिर में अपराध क्रमांक 357/26, धारा 103(2), 61(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उक्त घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) द्वारा पुलिस की टीम बनाकर उक्त प्रकरण में वांछित फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु निर्देशित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार का इनाम घोषित किया गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एवं सीएसपी मुरार श्री संदीप बांगरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गोला का मंदिर निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में फरार आरोपियों को पकड़ने हेतु पुलिस की टीम को लगाया गया।

दौराने विवेचना आज दिनांक 29.09.2026 को थाना गोला का मंदिर पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना मिली कि उक्त हत्या के प्रकरण में फरार आरोपी बंटू ढाबा पास भिण्ड रोड पर देखे गये हैं। उक्त सूचना पर पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम को बंटू ढाबा के आगे भिण्ड रोड़ पर मुखबिर के बताये हुलिया के दो युवक मिले, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे, पुलिस टीम द्वारा दोनों को घेराबंदी कर धरदबोचा और पूछताछ करने पर उन्होन अपने नाम व पता रानू उर्फ अभिषेक सिकरवार पुत्र अजब सिंह उम्र 20 साल निवासी न्यू ग्रेसिंम बिहार कॉलोनी हजीरा जिला ग्वालियर एवं राजवीर चौहान पुत्र राजू सिंह चौहान उम्र 19 साल निवासी लाईन नं. 1 बिरला नगर ग्वालियर का होना बताया।

पुलिस द्वारा पकड़े गये दोनों आरोपियों की तलाशी लेने पर आरोपी रानू उर्फ अभिषेक सिकरवार के पास से एक 32 बोर पिस्टल व 3 जिंदा राउण्ड जप्त किये। आरोपियों से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ की तो उन्होने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना करना स्वीकार किया। थाना गोला का मंदिर पुलिस द्वारा उक्त दोनों आरोपियों को अप0क्र0 357/26, धारा 103(2), 61(2) बीएनएस में विधिवत गिरफ्तार कर फरार आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण:-
1. रानू उर्फ अभिषेक सिकरवार पुत्र अजब सिंह उम्र 20 साल निवासी न्यू ग्रेसिंम बिहार कॉलोनी हजीरा जिला ग्वालियर।
2. राजवीर चौहान पुत्र राजू सिंह चौहान उम्र 19 साल निवासी लाईन नं. 1 बिरला नगर ग्वालियर

जप्त हथियार:- घटना में प्रयुक्त एक 32 बोर की पिस्टल एवं तीन जिंदा राउण्ड।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content