ग्वालियर। 30.09.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं तथा गुमशुदा की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(ग्रामीण) ग्वालियर श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी भूरा सिंह बघेल निवासी ग्राम गिजोर्रा ने थाना गिजोर्रा में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 28.09.2026 की सुबह उसका भतीजा राहुल बघेल अपने कान का इलाज कराने के लिए मोटरसाइकिल से ग्वालियर गया था शाम को मैने उसको फोन लगाया तो उसका फोन बंद आ रहा था और वह अभी तक वह घर वापस नहीं आया है। तभी से उसका फोन बन्द है। मुझे शक है कि उसका किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना गिजोर्रा में अप0क्र0 124/26 धारा 140(3) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त युवक के गायब होने की सूचना प्राप्त होने पर एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी गिजोर्रा उप निरीक्षक उपेन्द्र सिंह धाकड़ के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत युवक को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। थाना गिजोर्रा पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए युवक की आसपास के क्षेत्र में तलाश की गई और तकनीकी सेल व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना गिजोर्रा पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि उक्त गुमशुदा युवक द्वारा ही अपने घरवालों को मोबाइल से व्हाट्सएप के माध्यम से 05 लाख रूपये की फिरौती की मांग की गई है। जांच के दौरान यह भी ज्ञात हुआ कि उक्त युवक द्वारा बैंक से लोन पर मोटरसाइकिल खरीदी थी और उसके चाचा द्वारा मोटर साइकिल को गिरवी रखी दिया था। युवक द्वारा बैंक की लोन किस्त न चुकाने पर बैंक द्वारा उसके खिलाफ प्रकरण भी पंजीबद्ध कराया गया था, जिसमें माननीय न्यायालय से युवक का स्थाई वारंट भी जारी हुआ था और उसे गिजोर्रा पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
दिनांक 29.09.2026 को तकनीकी सहायता के माध्यम से उक्त गुमशुदा युवक के पोहरी जिला शिवपुरी में होना ज्ञात हुआ। जिसके आधार पर पुलिस टीम द्वारा थाना पिछोर पुलिस एवं शिवपुरी में पोहरी पुलिस की सहायता से उक्त गुमशुदा युवक को पोहरी शिवपुरी से दस्तयाब किया गया। दस्तयाब युवक से पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने दोस्त अजय यादव के ट्रक से पोहरी जिला शिवपुरी भाग जाना तथा स्वयं के अपहरण की झूठी कहानी रचना बताया।
*सराहनीय भूमिका*:- थाना प्रभारी गिजोर्रा उप निरी. उपेन्द्र सिंह धाकड़, प्र.आर0 मुकेश, जयभारत, आर0 मनोज, जितेन्द्र, सत्यम, पवन, धर्मवीर, थाना पिछोर टीम- थाना प्रभारी पिछोर उनि0 शिवम राजावत, आर0 भानू, सायबर सेल टीम प्रभारी सायवर सेल उनि0 रजनी रघुवंशी, उनि0 विश्वीर जाट, आर0 सोनू प्रजापति, विपिन, थाना पोहरी टीम- थाना प्रभारी पोहरी निरी0 रवि चौहान, आर0 मांगीलाल गुर्जर की सराहनीय भूमिका रही।





