ग्वालियर दिनांक 01.10.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न लंबित प्रकरणों में फरार आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में दिनांक 30.09.2026 को थाना बिलौआ पुलिस को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना बिलौआ के अप0क्र0- 207/2021 धारा 394 भादवि धारा 11,13 एमपीडीपीके एक्ट में फरार आरोपी दीपक उर्फ दीपा सिकरौदा तिराहा पर खड़ा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से अति. पुलिस अधीक्षक(पश्चिम) ग्वालियर श्रीमती सुमन गुर्जर(भापुसे) द्वारा थाना बिलौआ पुलिस की टीम को मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार डीएसपी ग्रामीण श्री शैलेन्द्र शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिलौआ निरी0 इला टंडन के द्वारा थाना बल की टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही भेजा गया। पुलिस ने मौके पर जाकर देखा तो सिकरौदा तिराहा शिवपुरी लिंक रोड पर मुखबिर के बताये हुलिया का एक व्यक्ति रोड़ के किनारे बैठा दिखा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम दीपक उर्फ दीपा पुत्र वासुदेव जोशी उम्र 37 साल निवासी गल्ला मण्डी के पास करैरा जिला शिवपुरी का होना बताया।
पकड़े गये संदिग्ध व्यक्ति से उक्त प्रकरण के संबंध में गहनता से पूछताछ करने पर उसने दिनांक 12.09.2021 को रात्रि में अपने दोस्त दीपक गुर्जर एवं एक अन्य साथी के साथ जौरासी घाटी में एक पति पत्नी से मारपीट कर कट्टा दिखाकर उसका सोने का मंगलसूत्र, अंगूठी एवं हाथ की घडी तथा सेमसंग का मोबाइल लूट कर ले जाना बताया। जिस पर से पुलिस द्वारा आरोपी को थाना बिलौआ के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपी से लूटा गया माल मशरूका के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। उक्त आरोपी लूट की घटना कर बर्ष 2021 से ही फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के पुलिस द्वारा निरंतर प्रयास किये जा रहे थे।
घटना का संक्षिप्त विवरण:- फरियादी राकेश शर्मा निवासी बीएसएफ कैम्पस टेकनपुर ने रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 12.09.2021 को वह अपनी पत्नी के साथ ग्वालियर से मोटरसाइकिल द्वारा टेकनपुर जाते समय जौरासी घाटी के पास रात्रि करीब 10 बजे एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल को रोक लिया। बदमाशों ने उनके के साथ मारपीट कर डंडे से चोट पहुंचाई तथा उसकी पत्नी को कट्टा अड़ाकर धमकाया। बदमाश उसकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र एवं सोने की अंगूठी, सेंमसंग का मोबाइल तथा हाथ घड़ी लूटकर मौके से फरार हो गए। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना बिलौआ में आरोपियों के खिलाफ अप0क्र0-207/2021 धारा 394 भादवि धारा 11,13 एमपीडीपीके एक्ट का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।





