दिनांक: 03 अक्टूबर 2026 ग्वालियर:
पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा संचालित 10 दिवसीय विशेष अभियान के तहत एवं श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुजावल जग्गा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अजीत सिंह चौहान के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा शहर में सुरक्षित यातायात व्यवस्था एवं दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से 10 दिवसीय विशेष चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
1. यातायात जागरूकता कार्यक्रम:
विशेष अभियान के अंतर्गत आज ‘एलन (ALLEN) कोचिंग सेंटर’ में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारी दी गई और सुरक्षित वाहन चलाने व नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई।

इसके अलावा डीबी मॉल के बाहर आमजन को एकत्रित कर यातायात नियमों की जानकारी दी गई और समझाया गया कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से सीट बेल्ट और हेलमेट लगाएं तथा सुरक्षित चलें।
2. सघन वाहन चेकिंग व ब्लैक फिल्म एवं हूटर पर कार्यवाही:
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग चलाई गई, जिसमें बिना सीट बेल्ट, बिना हेलमेट, वाहनों पर अवैध रूप से लगाई गई ब्लैक फिल्म एवं अवैध हूटर का प्रयोग करने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की गई।
3. बार-बार नियम उल्लंघनकर्ताओं के लाइसेंस निरस्तीकरण हेतु आरटीओ को प्रस्ताव:
यातायात नियमों का गंभीर रूप से उल्लंघन करने वाले एवं बार-बार लापरवाही बरतने वाले करीब 35 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त / निलंबित (Cancel / Suspend) करने हेतु प्रस्ताव क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) ग्वालियर भेजा गया है।
4. -नियम उल्लंघनकर्ताओं पर चालानी कार्यवाही*:
अभियान के दौरान आज संपूर्ण शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध कड़ी चालानी कार्यवाही की गई। कार्रवाई के दौरान कुल 339 वाहन चालकों के चालान बनाए गए, जिनसे ₹1,57,500/- (एक लाख सत्तावन हजार पांच सौ रुपये) का समन शुल्क वसूल किया गया।
आमजनों के लिए अपील:
ग्वालियर पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाएं, ब्लैक फिल्म व हूटर का प्रयोग न करें, अनिवार्य रूप से हेलमेट एवं सीट बेल्ट लगाएं और यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित ग्वालियर बनाने में सहयोग करें।
- यातायात पुलिस ग्वालियर





