🔴 एसएसपी ग्वालियर ने ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्बाइड गन एवं संबंधित सामग्री की ऑनलाइन सप्लाई रोकने के दिए निर्देश।
🔴 एसएसपी ग्वालियर ने कहा-जनहित एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ई-कॉमर्स कंपनियां सतर्कता बरतें तथा प्रतिबंधित अथवा अवैध सामग्री की बिक्री एवं सप्लाई न होने दें।
🔴 ई-कॉमर्स कंपनियों के गोदामों की होगी चेकिंग, कार्बाइड गन की बिक्री एवं सप्लाई के संबंध में जानकारी एकत्र कर की जाएगी वैधानिक कार्रवाई।

ग्वालियर, दिनांक 22.10.2026। दीपावली एवं आगामी त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध एवं खतरनाक सामग्री की बिक्री और सप्लाई पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) द्वारा आज पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर कार्बाइड गन, कार्बाइड लैंप तथा इससे संबंधित सामग्री की ऑनलाइन बिक्री एवं सप्लाई के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर डीएसपी अपराध श्री मनीष यादव, प्रभारी डीएसबी श्रीमती निलोफर मेवाती, डीएसबी से सहायक उपनिरीक्षक श्री अशोक भदौरिया तथा असूचना संकलन शाखा के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में अमेजन, फ्लिपकार्ट, मीशो, मिंत्रा, सेडो, इंस्टामार्ट, ब्लिंकिट, ब्लू डार्ट, इंडियामार्ट सहित विभिन्न ई-कॉमर्स एवं डिलीवरी कंपनियों के लगभग 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

*एसएसपी ग्वालियर ने दिए सख्त निर्देश* – बैठक में एसएसपी ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) ने उपस्थित प्रतिनिधियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्बाइड गन, कार्बाइड लैम्प एवं संबंधित सामग्री की ऑनलाइन बिक्री तथा सप्लाई पर विशेष सतर्कता बरती जाए। ऐसी सामग्री की सप्लाई किसी भी स्थिति में नहीं की जाए, जिससे आमजन, विशेषकर बच्चों एवं युवाओं की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स कंपनियां अपने प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उत्पादों, ऑर्डर तथा डिलीवरी की प्रक्रिया की उचित निगरानी सुनिश्चित करें। यदि किसी कंपनी द्वारा अवैध अथवा प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री या सप्लाई किए जाने की जानकारी सामने आती है, तो मामले की जांच कर संबंधित प्रावधानों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा जिले में संचालित विभिन्न ई-कॉमर्स कंपनियों के गोदामों एवं वितरण केंद्रों की चेकिंग की जाएगी। यदि किसी व्यक्ति द्वारा ऐसी सामग्री मंगवाए जाने या उसका अवैध उपयोग किए जाने की जानकारी प्राप्त होती है, तो तथ्यों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

*जनहित में सतर्कता बरतने की अपील* – एसएसपी ग्वालियर ने बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों से कहा कि त्योहारों के दौरान नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेपरि है। ई-कॉमर्स कंपनियों की थोड़ी-सी सतर्कता भी किसी संभावित दुर्घटना को रोकने तथा आमजन को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इसलिए सभी कंपनियां पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध सप्लाई की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

keyboard_arrow_up
Skip to content