🔴 केआरजी कॉलेज में आयोजित कार्यशाला में लगभग 150 छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस की छात्राओं ने लिया भाग।
🔴 आठ विषयगत सत्रों में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, संविधान, मानसिक स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति एवं आपराधिक न्याय व्यवस्था की दी गई जानकारी।
🔴 प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर ने छात्राओं से संवाद कर सुरक्षित एवं जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का किया आह्वान।
🔴 अभियान के अंतर्गत केआरजी कॉलेज की छात्राओं ने थाना कंपू का शैक्षणिक भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझा।
ग्वालियर दिनांक 28.10.2026। पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संचालित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान के अंतर्गत आज शासकीय कमलाराजा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय (केआरजी कॉलेज), ग्वालियर में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें लगभग 150 छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस की छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम अभियान के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यशाला में आठ विषयगत सत्रों के माध्यम से छात्राओं को संविधान, नागरिक अधिकार एवं कर्तव्य, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण, मानसिक स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, आपातकालीन सहायता तथा आपराधिक न्याय व्यवस्था की जानकारी दी गई। 
*प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर ने किया जागरूक*- श्री जयराज कुबेर ने छात्राओं को भारतीय संविधान, बाल अधिकारों, किशोर न्याय अधिनियम, पॉक्सो अधिनियम, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम एवं नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व अपराध नियंत्रण के साथ नागरिकों में सुरक्षा की भावना विकसित करना और जरूरत के समय सहायता उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने छात्राओं से जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
*विशेषज्ञों ने आठ सत्रों में दी महत्वपूर्ण जानकारी*- कार्यशाला में एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा और निरीक्षक श्रीमती दीप्ति तोमर ने महिला एवं बाल संरक्षण, उप निरीक्षक श्री धर्मेन्द्र शर्मा ने साइबर अपराधों से बचाव एवं डिजिटल सुरक्षा, यातायात सूबेदार श्री आयुष मिश्रा ने सड़क सुरक्षा एवं नशा मुक्ति, निरीक्षक रेडियो श्री भारत सिंह ने आपातकालीन पुलिस सहायता एवं आपदा प्रबंधन तथा एडीपीओ श्री मुरारी लाल गुप्ता ने आपराधिक न्याय व्यवस्था की जानकारी दी। अन्य सत्रों में संविधान, नागरिक अधिकारों, मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन एवं आत्महत्या रोकथाम पर जागरूक किया गया।
प्रश्नोत्तर सत्र में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। निरीक्षक श्रीमती दीप्ति तोमर ने ‘एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में आगे का रास्ता’ विषय पर नागरिक कर्तव्यों, कानून के सम्मान एवं सामाजिक सहभागिता का महत्व बताया।
*केआरजी कॉलेज की छात्राओं ने किया थाना कंपू का भ्रमण* – ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराने के उद्देश्य से शैक्षणिक भ्रमण भी आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज शासकीय कमलाराजा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ग्वालियर की छात्राओं ने थाना कंपू का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान छात्राओं को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली, कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की भूमिका, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, नागरिक सुरक्षा, महिला एवं बाल संरक्षण तथा साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। इस पहल के माध्यम से छात्राओं को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने, कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का अवसर मिला।
ग्वालियर पुलिस द्वारा ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ के माध्यम से युवाओं को कानून के प्रति जागरूक, सुरक्षा के प्रति सजग और सामाजिक दायित्वों के प्रति जिम्मेदार बनाने का प्रयास किया जा रहा है।





