ग्वालियर। 28.08.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार रखने एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त आरोपियों की धरपकड़ हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में त्योहारों को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर के निर्देश पर अति. पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री सुजावल जग्गा(भा.पु.से.) एवं अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा क्राईम ब्रांच एवं थाना भितरवार पुलिस की संयुक्त टीम को भितरवार क्षेत्र में बदमाशों की धरपकड़ हेतु लगाया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार, डीएसपी अपराध श्री मनीष यादव एवं एसडीओपी भितरवार श्री गगन हनवत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी भितरवार निरीक्षक सुधीर सिंह कुशवाह एवं थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा द्वारा क्राईम ब्रांच एवं थाना भितरवार पुलिस की संयुक्त टीम को आपराधिक तत्वों की धरपकड़ हेतु लगाया गया।

पुलिस की संयुक्त टीम को इलाका भ्रमण के दौरान दिनांक 27.08.2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि खेड़ापति मंदिर रोड, पार्वती नदी किनारे स्थित सेल्फी प्वाइंट पर दो व्यक्ति अवैध हथियार लेकर बैठे हुए हैं। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम तत्काल मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर पहुंची, जहां मुखबिर के बताये हुलिए के अनुसार दो संदिग्ध व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा और पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नीरज परिहार पुत्र वीरेन्द्र सिंह परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गधौटा, थाना बेलगढ़ा, जिला ग्वालियर एवं गोलू परिहार पुत्र कमलेश परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पपरेडू, थाना करैरा, जिला शिवपुरी बताया।

पुलिस द्वारा दोनों की तलाशी लेने पर नीरज परिहार के कब्जे से एक देशी पिस्टल तथा गोलू परिहार के कब्जे से पिस्टल का एक जिंदा राउंड बरामद हुआ। उक्त दोनो व्यक्तियों का यह कृत्य धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत दण्डनीय होने से मौके पर दोनो आरोपीगण नीरज परिहार व गोलू परिहार से संयुक्त रूप से देशी पिस्टल व जिंदा राउण्ड को मौके पर जप्त किया जाकर दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपियों के विरुद्ध थाना भितरवार में अपराध क्रमांक 348/2026, धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों से अवैध हथियार के संबंध में पूछताछ की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपीगण:-
1. नीरज परिहार पुत्र वीरेन्द्र सिंह परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम गधौटा, थाना बेलगढ़ा, ग्वालियर
2. गोलू परिहार पुत्र कमलेश परिहार, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम पपरेडू, थाना करैरा, जिला शिवपुरी

जप्त हथियार: एक देशी पिस्टल व एक जिंदा राउण्ड।

keyboard_arrow_up
Skip to content