🔴 उक्त प्रकरण में एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
ग्वालियर दिनांक 15.10.2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न प्रकरणों में फरार इनामी आरोपियों की धरपकड़ हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) ग्वालियर डॉ. शिवेश सिंह बघेल द्वारा थाना प्रभारी विश्वविद्यालय पुलिस को थाना के अप.क्र. 184/26 धारा 108 बीएनएस में वांछित शेष फरार इनामी आरोपियों को पकड़ने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार सीएसपी विश्वविद्यालय श्री रवि भदौरिया के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विश्वविद्यालय़ निरी0 रविन्द्र कुमार के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण मंे वांछित फरार इनामी आरोपियों को पकड़ने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना पुलिस टीम को दिनांक 14.10.2026 को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में फरार इनामी आरोपी विक्रम गुर्जर एस.एस ज्वेलर्स ठाठीपुर में बैठा हुआ है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो ठाठीपुर में एस.एस ज्वेलर्स दुकान के बाहर आरोपी खड़ा मिला, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम विक्रम गुर्जर पुत्र मानसिंह गुर्जर उम्र 31 साल निवासी ओहदपुर थाना विश्वविद्यालय जिला ग्वालियर का होना बताया।
आरोपी से उक्त प्रकरण के संबंध में पूछताछ करने पर उसके द्वारा अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर अपराध कारित करना स्वीकार किया। जिस पर से पुलिस द्वारा आरोपी को थाना विश्वविद्यालय़ के अपराध सदर में विधिवत गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपी की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा 10 हजार रूपये का इनाम घोषित किया गया था। उक्त प्रकरण में एक आरोपी को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
*घटना का संक्षिप्त विवरण:-* दिनांक 17.08.2026 को थाना विश्वविद्यालय, ग्वालियर में मर्ग क्रमांक 19/2026 धारा 194 बी.एन.एस.एस. के अंतर्गत मर्ग जांच में ली गई। जांच के दौरान मृतक राजेश राजपूत के पास से प्राप्त सुसाइड नोट का अवलोकन किया गया तथा सूचनाकर्ता संजय राजपूत एवं मृतक के पुत्र अजय राजपूत के कथन लेखबद्ध किए गए। कथनों के अनुसार, मृतक राजेश राजपूत अनावेदकगण पप्पू उर्फ कालीचरण गुर्जर, रामकुमार घुरैया, भरत उर्फ भारत गुर्जर, दर्शना उर्फ दर्शन गुर्जर, विक्रम गुर्जर, रुस्तम सिंह गुर्जर, राजेन्द्र सिंह गुर्जर एवं कुलदीप यादव के साथ प्रॉपर्टी खरीदने-बेचने का कार्य करता था तथा इस कारोबार के संबंध में उनसे रुपये उधार लिए थे। कथनों के अनुसार, मृतक द्वारा उधार ली गई राशि चुकाने एवं ब्याज देने के बावजूद अनावेदकगण द्वारा कथित रूप से अतिरिक्त ब्याज एवं पैसों की मांग कर उसे प्रताड़ित किया जाता था तथा धमकियां दी जाती थीं। उक्त परिस्थितियों एवं सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचने से क्षुब्ध होकर मृतक द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करना बताया गया है। मर्ग जांच में प्राप्त साक्ष्यों एवं सुसाइड नोट के आधार पर प्रथम दृष्टया पर आरोपियों के विरुद्ध थाना विश्वविद्यालय में अप0क्र0-184/26 धारा 108 बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था।
गिरफ्तार इनामी आरोपी:- विक्रम गुर्जर पुत्र मानसिंह गुर्जर उम्र 31 साल निवासी ओहदपुर थाना विश्वविद्यालय जिला ग्वालियर।





