ग्वालियर। 09.09.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की त्वरित दस्तयाबी हेतु लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्री सुजावल जग्गा(भापुसे) के निर्देशन एवं सीएसपी मुरार संदीप बांगरे मार्गदर्शन में थाना मुरार पुलिस ने सराहनीय तत्परता एवं तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए घर से बिना बताये चले गये दो नाबालिग बालकों को 24 घंटों के भीतर सकुशल दस्तयाब किया।

घटना का विवरण:- थाना मुरार क्षेत्र तिकोनिया निवासी फरियादी संजीव(परिवर्तित नाम) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके 16 वर्षीय पुत्र मनीष (परिवर्तित नाम) एवं 14 वर्षीय पुत्र आशीष(परिवर्तित नाम) दिनांक 04.09.2026 को दोपहर 02 बजे घर से बिना बताए कहीं चले गये हैं। परिजनों द्वारा रिश्तेदारों एवं संभावित स्थानों पर तलाश करने के बावजूद उसका कोई पता नहीं चलने पर दिनांक 06.09.2026 को थाना मुरार में क्रमशः अपराध क्रमांक 457/2026, एवं 458/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस की तत्परता और तकनीकी जांच:- मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी मुरार निरीक्षक मैना पटेल ने तत्काल पुलिस टीम गठित की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और साइबर सेल व मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी सहायता से जानकारी प्राप्त हुई कि दोनों बालक सतलोक आश्रम (गांव धनाना, थाना बरोदा, जिला सोनीपत, हरियाणा) में हैं। सूचना मिलते ही 06 सितंबर 2026 को उनि. जयकिशोर राजौरिया के नेतृत्व में पुलिस टीम सोनीपत भेजी गई, जहां से दोनों बालकों को सतलोक आश्रम से सकुशल दस्तयाब कर 08 सितंबर 2026 को ग्वालियर लाया गया।

इंस्टाग्राम पर फुसलाने का खुलासा:- पुलिस पूछताछ में बालकों ने बताया कि करीब डेढ़ माह से ‘‘शुभम राठौर’’ नामक व्यक्ति इंस्टाग्राम पर उनसे संपर्क में था। वह रोज रात 9ः00 बजे मैसेज कर सतलोक आश्रम की बातें करता था और उन्हें आश्रम आने के लिए फुसलाता था। 03 सितंबर को पिता की डांट से नाराज होकर दोनों बालकों ने घर छोड़ने का फैसला किया। 04 सितंबर को शुभम राठौर के निर्देशानुसार वे ग्वालियर रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें गट्टा नामक व्यक्ति मिला। वह दोनों भाइयों को पंजाब मेल ट्रेन से रोहतक ले गया और वहां से आश्रम की बस में बैठा दिया। आश्रम पहुंचकर जब बालकों ने अपनी मां को फोन किया, तो गट्टा वहां से भाग निकला।

वर्तमान कार्यवाई:- थाना मुरार पुलिस द्वारा दोनों बालकों को सुरक्षित बाल गृह भेज दिया गया है तथा मामले में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

keyboard_arrow_up
Skip to content