ग्वालियर 31.01.2026 । पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर मध्यप्रदेश में “सड़क सुरक्षा’-जीवन रक्षा” थीम पर दिनांक 01.01.2026 से 31.01.2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देश पर ग्वालियर जिले में स्कूलों, कॉलेजों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के अंतिम दिन 31 जनवरी 2026 को जागरूकता अभियान का औपचारिक समापन बाल भवन सभागार, ग्वालियर में अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा किया गया।
सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत समापन कार्यक्रम का आयोजन बाल भवन सभागार, ग्वालियर में किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में अति. पुलिस अधीक्षक (मध्य/यातायात) द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया और कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा अभियान के दौरान यातायात जागरूकता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों सहित विभिन्न संस्थानों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके पूर्व एक संस्था के कलाकारों द्वारा यातायात जागरूकता संबंधी एक नाटक का भी मंचन किया गया।

इस अवसर पर अति0 पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) द्वारा “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा“ का संदेश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जिम्मेदारी और सतर्कता भी आवश्यक है। उन्होने बताया कि अभियान के दौरान ग्वालियर पुलिस द्वारा विभिन्न स्कूल/कॉलेजों तथा सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये, जिससे अधिक से अधिक लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सका। इस अवर पर उन्होने राहवीर योजना के बारे में बताते हुए कहा कि सभी लोगों से अपील है कि सड़क पर आप को कोई भी दुर्घटना में घायल व्यक्ति दिखता है जिसे उपचार की आवश्यकता है तो उस स्थिति में आगे बढ़कर उसे अस्पताल ले जाएं जिससे उस घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सके। सड़क दुर्घटना में घायल की मदद करने वाले व्यक्ति के लिये सरकार द्वारा 25 हजार रूपये की पुरस्कार राशि भी निर्धारित की है।
“सड़क सुरक्षा’-जीवन रक्षा” थीम पर दिनांक 01.01.2026 से 31.01.2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत ग्वालियर पुलिस द्वारा हेलमेट, शीट बेल्ट, तेज गति से वाहन के, शराब पीकर वाहन चलाने, बिना बीमा, गलत दिशा में वाहन चलाने वाले, बिना नंबर प्लेट के वाहनों तथा अन्य धाराओं में कुल 10,005 चालान किये जाकर 43,00,900/- रूपये का समन शुल्क वाहन चालकों से बसूला गया। उक्त अवधि में की गई चालानी कार्यवाही में इन्दौर, भोपाल के बाद प्रदेश में ग्वालियर का तीसरा स्थान है। इस अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लगभग 80 हजार बच्चों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर समापन कार्यक्रम में यातायात थाना प्रभारी कंपू निरीक्षक डॉ कृष्ण प्रताप सिंह तोमर, थाना प्रभारी गोला का मंदिर सूबेदार अभिषेक रघुवंशी, सूबेदार राधावल्लभ गुर्जर, सूबेदार बंदना राजावत, एवं यातायात के अधिकारी व कर्मचारीगण एवं एनसीसी, एनएसएस तथा जागरूकता अभियान में अपना सहयोग देने वाले समाजसेवी उपस्थित रहे।





