🔴 बाल भवन के नृत्य महोत्सव में 520 से अधिक लोगों ने ली नशामुक्ति की शपथ
🔴 नुक्कड़ नाटक, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता से विद्यार्थियों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश।
🔴 स्वस्थ जीवन और उज्ज्वल भविष्य के लिए विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का दिया संदेश।

ग्वालियरः 28.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 28.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार एवं अभियान के नोड़ल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में जिले के थाना क्षेत्रोें में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया तथा नुक्कड़ नाटक, भाषण, चित्रकला प्रतियोगिता एवं शपथ के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश देकर जागरूक किया गया।

*नुक्कड़ नाटक, भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से जगाई नशामुक्ति की अलख-* इसी क्रम में थाना महाराजपुरा की चौकी बरेठा द्वारा बचपन स्कूल, भारत मार्केट में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में चौकी बरेठा पुलिस एवं स्कूल स्टाफ के संयुक्त प्रयास से विद्यार्थियों द्वारा नशामुक्ति विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही भाषण प्रतियोगिता एवं ड्राइंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुलिस चौकी बरेठा की ओर से प्रमाण-पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप निरीक्षक रोहित सिंह भदौरिया, आरक्षक नीरज बघेल एवं आरक्षक नागेश शर्मा ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री दिनेश सिंह परिहार (बंटू) एवं क्षेत्र के पत्रकारगण भी उपस्थित रहे।

*बाल भवन में नृत्य महोत्सव के दौरान लोगों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ-* थाना विश्वविद्यालय पुलिस द्वारा बाल भवन, ग्वालियर में एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी द्वारा आयोजित नृत्य महोत्सव में उपस्थित छात्र-छात्राओं, स्टाफ एवं आमजन को ‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ अभियान के अंतर्गत जागरूक किया गया। उपनिरीक्षक शैलजा सिंह ने उपस्थित सभी लोगों को शराब, तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट, गांजा, भांग, चरस, कोकीन, थिनर एवं अन्य मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशा मुक्ति केंद्रों के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई तथा अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए। इस अवसर पर लगभग 520 छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों एवं आमजन ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

*थाना भितरवार पुलिस ने एडीएम स्कूल में 550 विद्यार्थियों को किया जागरूक-* थाना भितरवार पुलिस द्वारा एडीएम स्कूल, भितरवार में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में निरीक्षक सुधीर सिंह कुशवाह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

*आर्यन स्कूल मुरार में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी-* थाना मुरार पुलिस द्वारा आर्यन स्कूल, मुरार में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रधान आरक्षक अर्चना सिंह, आरक्षक राहुल जाट, संजू सिकरवार ने विद्यार्थियों को बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि उसके परिवार, शिक्षा एवं सामाजिक जीवन पर भी गंभीर दुष्प्रभाव डालती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा अपने मित्रों एवं परिवार के सदस्यों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का विश्वास व्यक्त किया। इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया

keyboard_arrow_up
Skip to content