🔴 स्कूलों में पहुंची ग्वालियर पुलिस, ‘सृजन संवाद’ के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश।
🔴 कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डायल-112 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी, आपात स्थिति में पुलिस की मदद लेने के लिए किया प्रेरित।

ग्वालियर। 22.08.2026। मध्यप्रदेश पुलिस के ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह (भापुसे) के निर्देश एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में आज ग्वालियर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित विद्यालयों में विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों, कानून एवं संविधान, बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। ‘सृजन संवाद’ का उद्देश्य पुलिस एवं विद्यार्थियों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ-साथ बच्चों को कानून के प्रति जागरूक, जिम्मेदार एवं सुरक्षित नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।

हजीरा के सांदीपनि कन्या विद्यालय में छात्राओं से संवाद- इसी क्रम में थाना प्रभारी हजीरा निरीक्षक जितेन्द्र सिंह तोमर द्वारा हजीरा क्षेत्र स्थित सांदीपनि कन्या स्कूल में ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। थाना प्रभारी द्वारा छात्राओं को भारतीय संविधान, बाल अधिकार, अपराध का सामान्य परिचय, पॉक्सो अधिनियम, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा ‘नशे से दूरी है जरूरी’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी गई। छात्राओं को बाल अधिकारों एवं पॉक्सो अधिनियम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि, शोषण अथवा परेशानी होने पर उसे छिपाने के बजाय तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को बताना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आपात स्थिति में पुलिस से संपर्क करने के तरीके तथा उपयोगी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

थाना बिजौली क्षेत्र के बैरजा में भी हुआ ‘सृजन संवाद’ – थाना प्रभारी बिजौली उप निरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव द्वारा बिजौली क्षेत्र के बैरजा स्थित सांदीपनि हायर सेकेंडरी स्कूल में ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस और आमजन के बीच आपसी सहयोग एवं विश्वास से ही सुरक्षित समाज का निर्माण संभव है। विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, सुरक्षित व्यवहार अपनाने तथा किसी भी समस्या को अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया गया कि आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल पुलिस की सहायता ली जानी चाहिए। विद्यार्थियों को डायल-112 की उपयोगिता एवं कार्यप्रणाली के बारे में भी जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का दिया संदेश – ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि वे कानून का सम्मान करें, यातायात नियमों का पालन करें, साइबर दुनिया में सावधानी बरतें, नशे से दूर रहें तथा अपने आसपास होने वाली किसी भी गलत गतिविधि की जानकारी जिम्मेदार व्यक्ति अथवा पुलिस को दें। ग्वालियर पुलिस द्वारा ‘सृजन संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ-साथ उन्हें जागरूक, सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करने का प्रयास लगातार जारी है।

keyboard_arrow_up
Skip to content