ग्वालियर। 09.04.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में चलाये जा रहे ‘‘ऑपरेशन मुस्कान’’ के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री जयराज कुबेर द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादी दीदार सिंह(परिवर्तित नाम) निवासी डबरा देहात जिला ग्वालियर ने थाना पर रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 29.03.2026 को वह अपने परिवार के साथ खाना खाकर सो गया था और जब सुबह देखा तो मेरी लड़की संगीता(परिवर्तित नाम) उम्र लगभग 16 साल घर पर नही थी, मैने उसकी आसपास व रिश्तेदारी में काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नही चला। मुझे संदेह है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उसे बहला फुसलाकर अपने साथ कहीं ले गया है। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना डबरा देहात में अप0क्र0 77/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी डबरा श्री सौरभ कुमार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डबरा देहात श्री मनोज कुमार(भापुसे) के द्वारा पुलिस की एक टीम को थाना क्षेत्र से अपहृत उक्त नाबालिग बालिका की पतारसी कर दस्तयाबी हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग बालिका की पतारसी हेतु उसके रिश्तेदारों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जाकर तलाश की गई।
दौराने विवेचना पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त अपहृत नाबालिग बालिका को जिला अशोकनगर के कदवाया में देख गया है, सूचना पर पुलिस की टीम को कदवाया जिला अशोकनगर भेजा गया, जहां पर तलाशी के दौरान पुलिस द्वारा उक्त अपहृत नाबालिग बालिका को दिनांक 09.04.2026 को कदवाया बस स्टैंड जिला अशोकनगर से सकुशल दस्तयाब किया गया। दस्तयाब बालिका के कथन लिपिबद्ध कराये जाकर अपहृता को वन स्टॉप सेंटर में दाखिल कराया गया और परिजनों को बालिका के दस्तयाब होने की सूचना दी गई। परिजनों द्वारा थाना डबरा देहात पुलिस द्वारा उक्त अपहृत बालिका की तलाश हेतु किये गये प्रभावी प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस को धन्यवाद दिया।
keyboard_arrow_up
Skip to content