ग्वालियर। 11.09.2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) ग्वालियर डॉ शिवेश सिंह बघेल द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादिया सुमन(परिवर्तित नाम) निवासी हस्तिनापुर ने थाना हस्तिनापुर में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 09.09.2026 की सुबह वह और उसका पति जंगल में लकड़ी बीनने गये थे, मेरी बेटी उम्र करीबन 13 साल एवं छोटे लड़के को घर पर छोड गये थे जब हम दोपहर में वापस घर पर आये तो हमने देखा कि मेरी लड़की घर पर नहीं थी मैने एवं मेरे पति ने घर परिवार, गांव में आसपास सभी जगह अपनी लडकी को तलाश किया परन्तु वह कहीं नही मिली मुझे शक है कि कोई अज्ञात व्यक्ति मेरी लडकी को बहला फुसलाकर कहीं ले गया है। उक्त रिपोर्ट पर थाना हस्तिनापुर में अप0 क्रमांक 68/26 धारा 137(2)बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव(रापुसे) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हस्तिनापुर उप निरी. देवेन्द्र लोधी के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग लड़की की तलाश आसपास के क्षेत्र में की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान थाना हस्तिनापुर पुलिस टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर से उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका को भोपाल से दस्तयाब किया गया। थाना हस्तिनापुर पुलिस द्वारा अपहृत नाबालिग बालिका से पूछताछ की जा रही है। उसके कथनों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।





