ग्वालियर। 18.03.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(पूर्व) ग्वालियर श्रीमती विदिता डागर(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरण :- फरियादी गौतम सिंह(परिवर्तित नाम) निवासी बिजौली थाना बिजौली में रिपोर्ट लेख कराई कि दिनांक 16.03.2026 को दोपहर में उसका लड़का अंशुल(परिवर्तित नाम) उम्र 16 साल घर से स्कूल में रिजल्ट देखने का बोलकर गया था, जो कि वापस नहीं आया। जिसकी तलाश हमने गांव में आसपास व रिस्तेदारी में की गई लेकिन कोई जानकारी नही मिली। मेरा लडका 05-06 महीने पहले भी घर से बिना बताए चला गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर से थाना बिजौली में अप0क्र0- 40/26 धारा 137(2) बीएनएस का पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार एसडीओपी बेहट श्री मनीष यादव के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बिजौली निरीक्षक मिर्जा आसिफ बेग के द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालक को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। दौराने विवेचना थाना बिजौली पुलिस द्वारा अपहृत नाबालिग बालक की तलाश रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड व आसपास के क्षेत्र में की गई और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। इसी दौरान आज दिनांक 18.03.2026 को पुलिस टीम को जरिए मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालक सोनी रोड पर पैदल चला जा रहा है। उक्त सूचना पर से पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर जाकर अपहृत नाबालिग बालक को दस्तयाब किया गया। पूछताछ में बालक ने अपने दादा से गुस्सा होकर जाना बताया तथा उसने बताया कि मेरे साथ कोई घटना घटित नही हुई है और न ही मुझे कोई लेकर गया था। परिजनों ने थाना बिजौली पुलिस द्वारा बालक की तलाश हेतु किये गये प्रयास की सराहना करते हुए पुलिस को धन्यवाद दिया। थाना बिजौली पुलिस द्वारा अपहृत बालक को परिजनों के सुपुर्द किया गया।





