🔴 थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा डीडी मॉल में चित्रांकन प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को दिया गया नशामुक्ति का संदेश।
🔴 ग्रामीण अंचलों में चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक कर नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
🔴 जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया।

ग्वालियरः 27.07.2026- मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार संपूर्ण मध्यप्रदेश में दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक 15 दिवसीय “नशे से दूरी है जरूरी 2.0“ जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उक्त अभियान के तहत आज दिनांक 27.07.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार एवं अभियान के नोड़ल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रोें में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं अभिभावकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया तथा सभी को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

*डीडी मॉल में चित्रांकन प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को दिया गया नशामुक्ति का संदेश-*

‘‘नशे से दूरी है जरूरी 2.0‘‘ जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत आज थाना इंदरगंज पुलिस द्वारा डीडी मॉल, शिंदे की छावनी में एसोसिएशन ऑफ ग्वालियर यूथ सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित चित्रांकन प्रतियोगिता के दौरान बच्चों एवं उनके अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी इंदरगंज निरी0 दीप्ति तोमर ने उपस्थित बच्चों एवं अभिभावकों को शराब, तंबाकू, सिगरेट, बीड़ी, गांजा, भांग, चरस तथा अन्य मादक एवं नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश देते हुए बताया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने बच्चों से जीवन में अच्छे संस्कार, शिक्षा, खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाकर स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लगभग 300 से 400 बच्चों एवं अभिभावकों को सभी प्रकार के नशे से दूर रहने एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। इस अवसर पर थाना इंदरगंज के प्रधान आरक्षक राजकुमारी परमार, महिला आरक्षक अचला जाट, महिला आरक्षक प्रियंका शर्मा एवं आरक्षक जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी संजय कट्टल एवं सुरेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता कर नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प लिया।

*ग्रामीण अंचलों में चौपाल के माध्यम से फैलाया नशामुक्ति का संदेश-*

थाना करहिया पुलिस ने ग्राम नैनागिर में ग्रामीणों के बीच जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार की खुशियों और सामाजिक व्यवस्था को भी प्रभावित करती है। उन्होंने ग्रामीणों से युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से रोकने, अपने गांव में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने तथा किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित ग्रामीणों ने नशामुक्त जीवन अपनाने, अपने परिवार को नशे से दूर रखने की शपथ दिलाई गई।

इसी प्रकार थाना बिजौली पुलिस द्वारा ग्राम हसनपुरा में ग्रामीणों को बताया कि नशा व्यक्ति की मेहनत, स्वास्थ्य और परिवार की खुशियों को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास के युवाओं को नशे की बुराइयों से अवगत कराएं और यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों का अवैध कारोबार या सेवन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने, अपने परिवार को नशामुक्त रखने का संकल्प लिया।

*स्कूल/कॉलेज में विद्यार्थियों को दी गई नशे से दूर रहने की सीख-*

थाना जनकगंज पुलिस द्वारा पीजीवी कॉलेज, जीवाजीगंज में छात्र-छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया कि नशा युवाओं की प्रतिभा, शिक्षा और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। छात्रों से सोशल मीडिया, मित्रों के दबाव अथवा जिज्ञासावश किसी भी प्रकार के नशे की शुरुआत न करने तथा अपने साथियों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने सभी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।

थाना भितरवार पुलिस द्वारा सनराइज स्कूल, भितरवार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान सभी उपस्थितजनों को नशे से दूर रहने एवं दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। पुलिस द्वारा विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज को भी नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। इसी प्रकार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जागरूक किया गया।

keyboard_arrow_up
Skip to content