🔴 ग्वालियर जिले के महाविद्यालयों में पुलिस एवं उच्च शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गईं कार्यशालाएं।
🔴 विद्यार्थियों को कानून, संवैधानिक अधिकार, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, नशामुक्ति एवं यातायात सुरक्षा के प्रति किया जागरूक।
🔴 पुलिस थानों के भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को पुलिस की कार्यप्रणाली एवं डायल-112 सेवा की भूमिका से कराया परिचित।

ग्वालियर दिनांक 31.10.2026। मध्यप्रदेश पुलिस की सामुदायिक पुलिस शाखा द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के सहयोग से महाविद्यालयों में आयोजित ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान के प्रथम चरण का आज राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस कंट्रोल रूम सभागार, ग्वालियर में समापन हुआ। अभियान के अंतर्गत अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में प्रदेश के जिला मुख्यालयों के प्रमुख महाविद्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित कर विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। अभियान का उद्देश्य युवाओं में जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वयं एवं समाज की सुरक्षा में सक्रिय सहभागी बनाना है।

ग्वालियर जिले में अभियान के नोडल अधिकारी एवं प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री जयराज कुबेर के मार्गदर्शन में विभिन्न महाविद्यालयों में कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। इनमें विद्यार्थियों को संवैधानिक एवं मानवाधिकार संबंधी विषयों, कानूनी जागरूकता, महिला एवं बाल सुरक्षा, जेंडर आधारित हिंसा की रोकथाम, नशे से दूरी, साइबर अपराधों से बचाव एवं यातायात सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें उपलब्ध कानूनी प्रावधानों एवं पुलिस सेवाओं का उपयोग कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशालाओं के अतिरिक्त विद्यार्थियों को पुलिस थानों का भ्रमण कराकर थाने की व्यवस्थाओं एवं पुलिस की कार्यप्रणाली से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराया गया। साथ ही डायल-112 सेवा के माध्यम से सूचना मिलने पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर की जाने वाली कार्रवाई की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।

समापन समारोह में उत्कृष्ट योगदान देने वालों का सम्मान – आज आयोजित समापन कार्यक्रम में ‘जन सुरक्षा युवा सृजन संवाद’ अभियान को सफल एवं प्रभावी बनाने में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों एवं पुलिस अधिकारियों को प्रभारी पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री जयराज कुबेर द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। युवाओं को सुरक्षा, कानून के प्रति जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रतिनिधियों की सराहना भी की गई।

इस अवसर पर एसडीओपी घाटीगांव श्री शैलेन्द्र शर्मा, एसडीओपी भितरवार श्री गगन हनवत, रक्षित निरीक्षक श्री रणजीत सिंह सिकरवार, थाना प्रभारी इन्दरगंज निरीक्षक श्रीमती दीप्ति तोमर सहित अभियान में योगदान देने वाले प्राध्यापकगण, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

keyboard_arrow_up
Skip to content