ग्वालियर। दिनांक 22.03.2026 –
*घटना का संक्षिप्त विवरण* :- फरियादिया श्रीमती छाया यादव निवासी तुलसी विहार कॉलोनी, सेवानगर ग्वालियर द्वारा दिनांक 08.03.2026 को थाना पड़ाव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह अपनी बड़ी बहन एवं उनकी जेठानी सुधा यादव के साथ हीरे की अंगूठी छोटी करवाने सराफा बाजार जा रही थीं। उनके पास दो हीरे की अंगूठियां थीं, जिन्हें उन्होंने एक छोटे पर्स में रखकर सुधा यादव के लेडीज पर्स में रख दिया था। दोपहर करीब 12ः30 बजे हम तीनों सेवानगर पार्क से टमटम में बैठीं। इसी दौरान सफेद सूट पहने, मुंह कपड़े से ढकी एक अज्ञात महिला आकर सुधा यादव के पास बैठ गई और बातचीत में उलझा लिया। मौका पाकर उक्त महिला ने सुधा यादव के पर्स की चैन खोलकर अंदर रखा छोटा पर्स, जिसमें दोनों हीरे की अंगूठियां थीं, चोरी कर लिया और जीडीए ऑफिस के पास उतर गई, पर्स की चैन खुली होने पर पर्स चेक करने पर चोरी की जानकारी लगी। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना पड़ाव में अज्ञात महिला के विरुद्ध अपराध क्रमांक 62/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

उक्त मामला संज्ञान में आने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) द्वारा टमटम में होने वाली चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने हेतु प्रभावी कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया। एसएसपी ग्वालियर के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) ग्वालियर श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा थाना प्रभारी पड़ाव को उक्त चोरी की घटना के अज्ञात आरोपी की शीघ्र पतारसी कर चोरी गया माल बरामद करने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में सीएसपी इन्दरगंज श्री रोबिन जैन(रापुसे) के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पड़ाव निरीक्षक शैलेन्द्र भार्गव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए एवं संदिग्ध महिला की पहचान कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। पुलिस को मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि घटना में संलिप्त महिला चार नम्बर प्लेटफार्म के बाहर देखी गई है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां संदिग्ध महिला पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम करीना मोगिया पत्नी अर्जुन मोगिया, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम नावली बड़ागांव थाना दिमनी जिला मुरैना बताया।

पुलिस द्वारा महिला के कब्जे से एक हीरे जड़ी अंगूठी उसके हाथ से तथा दूसरी अंगूठी उसके पिट्ठू बैग से बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिया ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, किंतु सख्ती से पूछताछ करने पर उसने उक्त चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। आरोपिया ने बताया कि घटना के दिन टमटम में महिला के पर्स से अंगूठियां चोरी कर अपने पति के साथ फरार हो गई थी तथा आज सराफा बाजार में बेचने आई थी, लेकिन पुलिस को देखकर वापस लौट गई। पुलिस द्वारा आरोपी महिला के कब्जे से दोनों हीरे की अंगूठियां कीमती लगभग 3 लाख रुपए, घटना के समय पहना गया गुलाबी/सफेद सलवार सूट, सफेद चुन्नी एवं पिट्ठू बैग विधिवत जप्त कर आरोपी महिला को उक्त प्रकरण में गिरफ्तार किया जाकर अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।

 

keyboard_arrow_up
Skip to content