ग्वालियर। 11.04.2026 । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह,भापुसे के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं अवैध हथियारों की खरीद फरोख्त करने वालों के विरूद्ध जिले में प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के अनुक्रम में की जा रही कार्यवाही के दौरान ग्वालियर पुलिस को दिनांक 10.04.2026 को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि थाना थाटीपुर क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति पुराने कन्या विद्यालय के सामने अवैध हथियार लिए वारदात करने की नियत से खड़ा है। उक्त सूचना से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। जिस पर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर द्वारा अति0 पुलिस अधीक्षक(पूर्व) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) एवं अति0 पुलिस अधीक्षक(पश्चिम/अपराध) श्रीमती सुमन गुर्जर(रापुसे) को क्राईम ब्रांच व थाना थाटीपुर पुलिस की संयुक्त टीम से मुखबिर सूचना की तस्दीक कर कार्यवाही कराने हेतु निर्देशित किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में डीएसपी अपराध श्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार(रापुसे), डीएसपी श्री मनीष यादव(रापुसे) एवं सीएसपी मुरार श्री अतुल कुमार सोनी(रापुसे) के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी क्राईम ब्रांच निरीक्षक अमित शर्मा व थाना प्रभारी थाटीपुर निरी0 विपेन्द्र सिंह चौहान के द्वारा क्राईम ब्रांच व थाना थाटीपुर पुलिस की संयुक्त टीम को मुखबिर के बताये स्थान पर कार्यवाही हेतु भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर देखा तो पुराने कन्या विद्यालय के पास एक व्यक्ति मुखबिर के बताये हुलिया का खड़ दिखा जो पुलिस को देखकर छुपने लगा जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर पकडा और नाम पता पूछा तो अपना नाम जतिन उर्फ आयुष पुत्र धर्मेन्द्र कोरकू (आदिवासी) उम्र 19 वर्ष निवासी भीमनगर कुम्हरपुरा थाटीपुर ग्वालियर का होना बताया।
उक्त व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसकी आगे तरफ कमर में एक 315 बोर लोहे का देशी कट्टा एवं शर्ट की जेब मे एक 315 बोर का जिन्दा राउण्ड रखा मिला। उक्त व्यक्ति का यह कृत्य धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का पाया जाने से मौके पर एक 315 बोर लोहे का देशी कट्टा, 01 जिन्दा राउंड 315 बोर का विधिवत जप्त किया गया और आरोपी के खिलाफ थाना थाटीपुर में अपराध क्रमांक 101/26 धारा 25,27 आर्म्स एक्ट का प्रकरण पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी से अवैध हथियार के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्तशुदा अवैध हथियार : एक 315 बोर का कट्टा मय एक जिंदा राउंड जप्त किया।





