ग्वालियर। 06.04.2026 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह(भापुसे) के निर्देशानुसार ग्वालियर जिले में गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु ऑपरेशन मुस्कान के तहत प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। उक्त निर्देशों के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक(मध्य/यातायात) श्रीमती अनु बेनीवाल(भापुसे) द्वारा अपने अधीनस्थ सभी थाना प्रभारियों को थाना क्षेत्र से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की दस्तयाबी हेतु टीम बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिये गये।
घटना का संक्षिप्त विवरणः- फरियादिया सीमा(परिवर्तित नाम) निवासी शिन्दे की छावनी लश्कर ग्वालियर ने थाना इन्दरगंज में रिपोर्ट लेख कराई थी कि दिनांक 18.03.26 के दोपहर 01.00 बजे करीब मेरी छोटी लड़की शीतल(परिवर्तित नाम) उम्र करीब 17 साल 10 माह की घर से सामान खरीदने की कहकर गई थी, जो वापस नहीं आई। जिसकी तलाश मैंने मोहल्ले व सभी रिश्तेदारी में की किन्तु कोई पता नहीं चला, मेरी लड़की पूर्व में भी दो बार घर से बिना बताये चली गई थी, जिसकी रिपोर्ट मैंने थाना इंदरगंज पर की थी। मुझे, संदेह है कि मेरी लड़की को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर ले गया है। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना इन्दरगंज में अप0क्र0 54/26 धारा 137(2) बीएनएस का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
उक्त नाबालिग बालिका के अपहृत होने की सूचना प्राप्त होने पर सीएसपी इन्दरगंज श्री रोबिन जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इन्दरगंज निरीक्षक दीप्ती तोमर द्वारा थाना बल की टीम को उक्त प्रकरण में अपहृत नाबालिग बालिका को दस्तयाब करने हेतु लगाया गया। थाना इन्दरगंज पुलिस द्वारा अपहृत बालिका की आसपास के क्षेत्र में तलाश की जाकर संदेहियों से पूछताछ की गई और तकनीकी सेल तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
दौराने विवेचना थाना इन्दरगंज पुलिस को तकनीकी सहायता के आधार पर सूचना प्राप्त हुई कि उक्त अपहृत बालिका को नगलाधनी न्यू विजय नगर थाना कोतवाली हरि पर्वत जिला आगरा (उ.प्र.) में है। उक्त सूचना पर पुलिस की एक टीम को आगरा भेजा गया। जहां पर पुलिस टीम द्वारा नगलाधनी न्यू विजय नगर थाना कोतवाली हरि पर्वत जिला आगरा (उ.प्र.) की पुलिस चौकी रिंग रोड पहुंचकर रिंग रोड़ चौकी पुलिस के सहयोग से अपहृत बालिका की तलाश की गई तो अपहृत बालिका शीतल(परिवर्तित नाम) एक घर में किराये से रह रहती हुई मिली। जिसे थाना इन्दरगंज पुलिस द्वारा दस्तयाब कर अग्रिम कार्यवाही हेतु थाना लेकर आया गया और दस्तायाब की गई बालिका का मेडीकल परीक्षण उपरान्त वनस्टॉफ सेंटर भेजा गया।





